{"vars":{"id": "130921:5012"}}

एक लाख का इनामी बदमाश लल्लन सिंह पुलिस मुठभेड़ में ढेर, हत्या, बैंक डकैती समेत कई मामलों में था वांटेड

 

उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक लाख रुपये के इनामी और कुख्यात अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। सहारनपुर जिले के सरसावा-नकुर रोड पर रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ललन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव का रहने वाला था। वह लंबे समय से उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था और कई संगीन अपराधों में वांछित था।

पुलिस के अनुसार, लल्लन पर वाराणसी में 8 नवंबर 2022 को एक सब-इंस्पेक्टर को गोली मारकर उनकी सर्विस पिस्टल लूटने का आरोप था। इसके अलावा 1 नवंबर 2022 को चंदौली में हुई गोलीबारी और लूट की घटना में भी उसका नाम सामने आया था।

हत्या, बैंक डकैती और हथियार लूट जैसे मामलों में था शामिल

लल्लन अपने भाइयों और गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका था। उसके खिलाफ सात लोगों की हत्या के आरोप दर्ज थे। मृतकों में दो सब-इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे।

इसके अलावा वह बैंक डकैती, कैश वैन लूट, सरकारी हथियार लूट और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में भी वांछित था। उसकी गिरफ्तारी के लिए वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

सहारनपुर में हुई मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक, 21-22 जून 2026 की रात सरसावा-नकुर रोड पर एडिशनल एसपी लाल प्रताप सिंह की टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान लल्लन सिंह को गोली लगी। घायल अवस्था में उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसावा ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल सहारनपुर रेफर किया गया।

हालांकि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।