{"vars":{"id": "130921:5012"}}

गुरुग्राम में लिव-इन पार्टनर पर हैवानियत: सैनिटाइजर डालकर लगाई आग, आरोपी भेजा गया जेल
 

 

हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-69 में लिव-इन में रह रही 19 वर्षीय छात्रा के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवक शिवम को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया है। पीड़िता का इलाज दिल्ली के एम्स में चल रहा है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

शादी की बात चल रही थी, चरित्र पर शक से शुरू हुआ विवाद

मूल रूप से त्रिपुरा की रहने वाली युवती गुरुग्राम के सेक्टर-69 स्थित एक पीजी में दिल्ली के नरेला निवासी 19 वर्षीय शिवम के साथ सहमति से रह रही थी। दोनों के परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत चल रही थी।

बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को चरित्र पर शक को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि युवक ने युवती को बेरहमी से पीटा, जिससे उसके चेहरे, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं।

सैनिटाइजर डालकर प्राइवेट पार्ट्स में लगाई आग

एफआईआर के अनुसार आरोपी ने छात्रा पर हैंड सैनिटाइजर डालकर उसके निजी अंगों में आग लगा दी और इस दौरान वीडियो भी बनाया। युवती ने बयान में कहा है कि आरोपी शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था और लगातार प्रताड़ित करता था।

पीड़िता की मां की शिकायत पर बादशाहपुर थाने में मामला दर्ज किया गया। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115, 118(1), 118(2), 127(2), 69 और 351(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। बाद में पुलिस ने दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर धाराएं भी जोड़ने की बात कही है।

मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि का दावा

पीड़िता की वकील रीना राय ने दावा किया कि मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने युवती को बाथरूम में बंद कर उसके साथ गंदी हरकतें कीं और उसे बाहर नहीं जाने दिया। किसी तरह युवती ने अपने माता-पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी।

वकील के अनुसार यह मामला हत्या की कोशिश जैसा गंभीर है और इसमें सख्त धाराएं लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवती के चेहरे पर सूजन थी और उसके बाल भी काट दिए गए थे।

पुलिस का बयान

गुरुग्राम पुलिस के PRO संदीप कुमार ने बताया कि पीड़िता के परिवार की सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर है। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

एसीपी बादशाहपुर यशवंत ने बताया कि शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं लगाई गई हैं। डॉक्टरों की अंतिम राय आने के बाद यदि अन्य धाराएं बनती हैं तो उन्हें भी जोड़ा जाएगा। पुलिस सबूतों के आधार पर चार्जशीट तैयार कर रही है और आरोपी को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास करेगी।

सितंबर 2025 से एक-दूसरे को जानते थे

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों सितंबर 2025 से एक-दूसरे को जानते थे और लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हमले की बात स्वीकार की है।