{"vars":{"id": "130921:5012"}}

लखनऊ : घर के बाहर बैठे भाजयुमो नेता को बदमाशों ने मारी 5 गोलियां, हालत गंभीर, CCTV में कैद हुई वारदात

 

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार रात भाजपा युवा मोर्चा के नेता चेतन तिवारी पर जानलेवा हमला कर दिया गया। बाइक या कार नहीं, बल्कि पैदल पहुंचे हमलावर ने घर के बाहर बैठे चेतन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में उन्हें कई गोलियां लगीं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना बाजारखाला इलाके के मेहंदीगंज की है, जहां रात करीब 8 बजे चेतन तिवारी अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठे थे। तभी सफेद शर्ट और नीली जींस पहने एक युवक वहां पहुंचा और अचानक तमंचा निकालकर उन पर फायरिंग शुरू कर दी।

कमर में लगी पहली गोली, फिर गर्दन से सटाकर किया फायर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक हुए हमले से घबराकर चेतन ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन पहली गोली उनकी कमर में लग गई। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े।

इसके बाद हमलावर उनके बेहद करीब पहुंच गया और कंधे व गर्दन के पास तमंचा सटाकर लगातार फायर करता रहा। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कुल पांच राउंड गोलियां चलाईं।

बचाने पहुंचे लोगों को भी दिखाई बंदूक

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग और महिलाएं मौके की ओर दौड़े, लेकिन आरोपी ने उन पर भी तमंचा तान दिया। डर के कारण लोग पीछे हट गए और कई लोग अपने घरों में छिप गए। इसी बीच हमलावर मौके से फरार हो गया।

घायल चेतन तिवारी को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत King George's Medical University Trauma Centre में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि हमलावर पैदल आता है और सीधे चेतन तिवारी पर फायरिंग शुरू कर देता है।

फुटेज में यह भी दिख रहा है कि पांच राउंड फायर करने के बाद आरोपी उसी दिशा में भाग गया, जहां से वह आया था। गोली लगने के बाद चेतन खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़े दिखाई दे रहे हैं।

ट्रॉमा सेंटर में समर्थकों का हंगामा

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता और समर्थक ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए। वहां उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस करीब एक घंटे तक लोगों को समझाने में जुटी रही।

पुरानी रंजिश में हमला होने की आशंका

पुलिस के मुताबिक, हमलावर की पहचान वैभव बाजपेई के रूप में हुई है, जो चेतन के ही मोहल्ले में रहता है। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुरुआती जांच में होर्डिंग लगाने को लेकर पुरानी रंजिश की बात सामने आई है।

पुलिस ने आरोपी वैभव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।