18 टुकड़े किए, मैदा-सब्जी लगाकर प्रेशर कुकर में उबाला! 50 CCTV ने खोला चेन्नई कनेक्शन, कमरे से मिला कटा सिर
आगरा/चेन्नई। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर 5 अगस्त को लाल रंग के ट्रॉली बैग में महिला के 18 टुकड़े मिलने के मामले ने सनसनी मचा दी थी। जांच आगे बढ़ी तो इस वारदात के तार उत्तर प्रदेश से हजारों किलोमीटर दूर चेन्नई से जुड़े मिले। करीब 19 दिनों तक चली जांच में पुलिस ने 350 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान चेन्नई रेलवे स्टेशन की फुटेज में एक युवक और युवती लाल ट्रॉली बैग लेकर जाते दिखाई दिए।
पुलिस की जांच सोमवार को चेन्नई के गुडुवांचेरी तक पहुंची। यहां एक कमरे से बर्तन में महिला का कटा हुआ सिर बरामद किया गया। मृतका की पहचान ओडिशा के जगतसिंहपुर की 38 वर्षीय हयातुन निशा के रूप में हुई है। पुलिस अब उसके साथ रहने वाले असम निवासी माणिकउद्दीन लश्कर और चेन्नई की भगवती माझी की तलाश कर रही है।
प्रेशर कुकर में उबाला गया था शव
जांच में सामने आया कि महिला की हत्या चेन्नई में की गई थी। पुलिस के मुताबिक, शव से बदबू न आए, इसके लिए उस पर मैदा और सब्जी लगाकर उसे प्रेशर कुकर में उबाला गया था। इसके बाद शव के कई टुकड़ों को लाल ट्रॉली बैग में पैक किया गया और तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में रख दिया गया।
5 अगस्त को यही ट्रॉली बैग आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर मिला, जिसके अंदर महिला के शरीर के 18 टुकड़े बरामद हुए। घटना के बाद आगरा कैंट GRP थाने में जीरो FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई।
15 दिन पहले ही गुडुवांचेरी आई थी हयातुन
हयातुन निशा मूलरूप से ओडिशा के जगतसिंहपुर की रहने वाली थी। वह चेन्नई के गुडुवांचेरी इलाके में माणिकउद्दीन लश्कर के घर में किराए पर रहती थी। बताया जा रहा है कि वह वारदात से करीब 15 दिन पहले ही वहां रहने आई थी। वह एक फर्म में नौकरी करती थी और उसके साथ उसका 17 वर्षीय बेटा भी रहता था।
इसी मकान में माणिकउद्दीन, भगवती माझी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इसी दौरान माणिकउद्दीन के हयातुन के साथ भी संबंध बन गए थे। इसके बाद दोनों महिलाओं के बीच विवाद की स्थिति पैदा होने की बात सामने आई है।
हालांकि, पुलिस को जांच के दौरान पैसों के लेन-देन से जुड़े विवाद के संकेत भी मिले हैं। ऐसे में हत्या की असली वजह क्या थी, यह आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही साफ हो सकेगी।
बेटे ने मां से अलग रहने की बताई वजह
पुलिस ने हयातुन निशा के 17 वर्षीय बेटे से भी पूछताछ की। उसने पुलिस को बताया कि उसे अपनी मां की लाइफस्टाइल पसंद नहीं थी, इसलिए वह उनसे अलग रहने लगा था। पुलिस को शक है कि माणिकउद्दीन और भगवती माझी ने विवाद के बाद हयातुन की हत्या की और सबूत मिटाने के लिए शव के टुकड़े कर दिए।
350 CCTV फुटेज ने जोड़े वारदात के तार
हत्या की गुत्थी सुलझाने में CCTV फुटेज सबसे अहम कड़ी साबित हुई। आगरा में लाश के टुकड़े मिलने के बाद जांच टीम ने चेन्नई से जुड़े सुरागों पर काम शुरू किया। इसके बाद केस की जांच चेन्नई GRP को ट्रांसफर की गई।
चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन की CCTV फुटेज में पुलिस को 3 अगस्त की रात करीब 10 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर एक युवक और युवती लाल ट्रॉली बैग के साथ दिखाई दिए। पुलिस ने फुटेज और दूसरे सुरागों को जोड़ते हुए उनकी गतिविधियों का पीछा किया। यही जांच टीम को गुडुवांचेरी स्थित उस मकान तक ले गई, जहां से महिला के शरीर का कटा हुआ सिर बरामद हुआ।
दो संदिग्धों की तलाश में पुलिस
अब पुलिस माणिकउद्दीन लश्कर और भगवती माझी की तलाश कर रही है। दोनों के पकड़े जाने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हयातुन की हत्या किस वजह से की गई और इस वारदात में कौन-कौन शामिल था।
सीओ GRP राजेश दीक्षित के मुताबिक, पुलिस दोनों फरार संदिग्धों की तलाश में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हत्या की पूरी कहानी और इसकी वजह सामने आने की उम्मीद है।