आजमगढ़ में 8 घंटे तक चला खूनी खेल, पत्नी, दो पुजारी और बेटे की हत्या का आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर
आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम हुई एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। अरविंद सिंह नाम के एक शख्स पर अपनी पत्नी और दो पुजारियों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। इसके बाद वह अपने तीन बच्चों को लेकर एक कमरे में बंद हो गया और पुलिस के सामने सरेंडर करने से इनकार करता रहा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बातचीत शुरू की। पुलिस के मुताबिक, अरविंद लगातार बच्चों को जान से मारने की धमकी दे रहा था। काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के दौरान कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज आई। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपने एक बच्चे को गोली मार दी।
इसके बाद बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस टीम ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल होने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने टीम पर भी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में अरविंद गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी और घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने बाकी दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इस घटना में कुल पांच लोगों की मौत हुई है। मृतकों में आरोपी की पत्नी बबीता, दो पुजारी महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्रा, आरोपी अरविंद और उसका एक बच्चा शामिल है।
पूजा को लेकर पत्नी से हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, अरविंद मंगलवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच बाजार से अपने घर पहुंचा था। उस समय घर में पूजा चल रही थी और वहां तीन पुजारी, उसकी पत्नी और बच्चे मौजूद थे। बताया जा रहा है कि घर में पूजा होते देखकर अरविंद ने पुजारियों से पूछताछ की और उनसे आधार कार्ड मांगने लगा। इसी बात को लेकर उसकी पत्नी से बहस हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद अरविंद ने घर में रखी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता और दो पुजारियों की मौत हो गई।
कई घंटे तक चला खौफनाक घटनाक्रम
तीन लोगों की हत्या के बाद आरोपी बच्चों को लेकर एक कमरे में बंद हो गया। बाहर पुलिस, रिश्तेदार और ग्रामीण जमा हो गए। पुलिस लगातार उसे सरेंडर करने के लिए समझाती रही, लेकिन वह बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता रहा।
देर रात कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने एक बच्चे को गोली मार दी थी और टीम पर भी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल के साथ एसओजी और फॉरेंसिक टीम भी पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आजमगढ़ के एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के मुताबिक, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।