वाराणसी में युवक की चाकू मारकर हत्या, कमरे में मिला खून से लथपथ शव, पुलिस ने रूम पार्टनर को लिया हिरासत में
वाराणसी: भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी, बजरडीहा में सोमवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे में मौजूद युवक के दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दीपांशु राय के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त खुश पांडेय के साथ आवास विकास कॉलोनी में किराए के कमरे में रहता था। सोमवार देर रात करीब 3 बजे पुलिस को सूचना मिली कि दीपांशु अपने कमरे में मृत अवस्था में पड़ा है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि दीपांशु राय का शव खून से लथपथ हालत में कमरे में पड़ा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसकी चाकू मारकर हत्या की गई है।
इस मामले में एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे में मौजूद मृतक के दोस्त खुश पांडेय को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।