{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मनीष सिंह हत्याकांड मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार, सड़क हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने पीट-पीटकर ली थी जान

वाराणसी के फूलपुर क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है, पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

 

वाराणसी: फूलपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी थी, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को दबोच लिया।

मामूली विवाद ने लिया खौफनाक रूप

घटना 26 अप्रैल की बताई जा रही है, जब घमहापुर गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे काम कर रही महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला घायल हो गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद परिजन आक्रोशित हो उठे।

इसी दौरान कार चालक मनीष सिंह को घेर लिया गया और उसके साथ जमकर मारपीट की गई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि पिटाई के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई।

अस्पताल में तोड़ा दम, हत्या का केस दर्ज

घायल मनीष सिंह को इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

इन चार आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने इस मामले में मनोज प्रजापति, हरिश्चन्द्र राजभर, योगेन्द्र प्रजापति और अभिषेक उर्फ बुद्धू को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी घमहापुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ के बाद इनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश जारी

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश के लिए क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।