वाराणसी में जमीन सौदे के नाम पर मां-बेटे ने की 11 लाख की ठगी, एग्रीमेंट के बाद भी नहीं दी जमीन, FIR दर्ज
वाराणसी में जमीन सौदे के नाम पर मां-बेटे ने की 11 लाख की ठगी, एग्रीमेंट के बाद भी नहीं दी जमीन, FIR दर्ज
वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र में जमीन के सौदे के नाम पर 11 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। कचनार गांव निवासी भोलानाथ जायसवाल ने लखनऊ की श्रेया मिश्रा और उनके बेटे आयुष्मान मिश्रा के खिलाफ राजातालाब थाने में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जमीन बेचने का झांसा देकर लिए 11 लाख रुपये
भोलानाथ जायसवाल के अनुसार, उनकी जान-पहचान लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के विष्णुलोक कॉलोनी निवासी श्रेया मिश्रा और उनके बेटे आयुष्मान मिश्रा से थी। दोनों ने उन्हें लखनऊ के ग्राम बेटसा में भूखंड संख्या 08, खसरा संख्या 27, रकबा 960 वर्गफीट की जमीन बेचने का भरोसा दिलाया।
श्रेया मिश्रा ने विभिन्न माध्यमों से जायसवाल से कुल 11 लाख रुपये प्राप्त किए
-
11 जनवरी 2023 को चेक से 1 लाख रुपये,
-
16 जनवरी 2023 को बैंक ट्रांजेक्शन से 6 लाख रुपये,
-
और 4 लाख रुपये नकद।
राशि लेने के बाद श्रेया मिश्रा ने एक रजिस्टर्ड अनुबंध पत्र तैयार कराया और जल्द ही विक्रय पत्र (सेल डीड) बनवाने का आश्वासन दिया था।
गाली-गलौज कर विक्रय और पैसे दोनों से किया इनकार
भोलानाथ जायसवाल का कहना है कि लंबे समय तक टालमटोल किए जाने के बाद उन्होंने 8 मई 2025 को जब दोबारा विक्रय पत्र की बात कही, तो श्रेया और आयुष्मान ने न केवल गाली-गलौज किया बल्कि पैसे लौटाने या संपत्ति बेचने से भी इनकार कर दिया। आरोप है कि दोनों ने उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
प्रार्थी की तहरीर पर पुलिस ने श्रेया मिश्रा और आयुष्मान मिश्रा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की पड़ताल में जुटी है।