{"vars":{"id": "130921:5012"}}

प्यार में बाधा बनी मां की हत्या, बेटी ने प्रेमी संग घर में दफनाया शव; सालभर बाद खुला राज
 

 

हैदराबाद I हैदराबाद के जवाहरनगर इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां करीब एक साल से लापता 40 वर्षीय महिला का कंकाल उसके ही बेडरूम से बरामद हुआ। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मृतका की नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका की पहचान अंजू दासारी के रूप में हुई है, जो घरों में काम करके अपनी दो बेटियों का पालन-पोषण करती थीं। बताया गया कि अंजू अपनी 20 और 17 वर्षीय बेटियों के साथ रहती थीं। हैरानी की बात यह है कि जिस कमरे में परिवार रह रहा था, उसी के नीचे महिला का शव दफन था और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

मामले की शुरुआत 17 अक्टूबर 2025 को हुई, जब बड़ी बेटी ने अपनी मां की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसकी मां 12 मई 2025 को काम पर जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। शुरुआत में पुलिस ने इसे सामान्य गुमशुदगी मानकर जांच शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

जांच के दौरान पुलिस को तब शक हुआ जब छोटी बेटी के बयान बार-बार बदलने लगे। इसके बाद पुलिस ने उसके कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाले, जिससे 22 वर्षीय ऑटो चालक मोंटी कुमार सिंह का नाम सामने आया, जो लड़की का प्रेमी था।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि अंजू को दोनों के रिश्ते से आपत्ति थी और वह शादी के खिलाफ थीं। इसी बात को लेकर बेटी और उसके प्रेमी ने मिलकर अंजू की हत्या कर दी। इसके बाद सबूत छिपाने के लिए उन्होंने घर के बेडरूम में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया और ऊपर से कंक्रीट की फर्श बनवा दी, ताकि किसी को शक न हो।

आरोपियों के कबूलनामे के बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर फर्श को तोड़ा, जहां से महिला का कंकाल बरामद हुआ। शव को पोस्टमॉर्टम और डीएनए जांच के लिए भेज दिया गया है।

फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस हत्याकांड में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।