माता-पिता जिम गए, घर में घुसा हमलावर… UPSC एस्पिरेंट की बेरहमी से हत्या
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी में 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध हालात में हत्या से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में यौन उत्पीड़न और मोबाइल चार्जर केबल से गला घोंटने की आशंका है। पूर्व घरेलू कर्मचारी पर शक, पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं।
New Delhi: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी है। युवती एक वरिष्ठ आयकर विभाग अधिकारी की बेटी बताई जा रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस को चार्जर केबल से गला घोंटने का शक है।
घर में अकेली थी युवती, माता-पिता गए थे जिम
पुलिस के अनुसार घटना बुधवार सुबह की है, जब युवती घर में अकेली थी और उसके माता-पिता जिम गए हुए थे। इसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया। जब परिजन लौटे तो घर के अंदर संदिग्ध हालात में शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक और क्राइम टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
चार्जिंग केबल से गला घोंटने का शक, हमले के निशान
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या गला घोंटकर की गई हो सकती है। घटनास्थल से एक मोबाइल चार्जिंग केबल भी बरामद हुई है, जिससे गला दबाने की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, युवती ने हमलावर का विरोध किया था, जिसके चलते उसके सिर पर चोट के निशान भी मिले हैं। इसके बाद उसे काबू में कर गला घोंटने की आशंका है।
यौन उत्पीड़न की भी आशंका, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
जांच एजेंसियां इस मामले में यौन उत्पीड़न की आशंका भी जता रही हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
CCTV में दिखा संदिग्ध
पुलिस की जांच में एक पूर्व घरेलू कर्मचारी पर शक गहराया है, जिसे करीब छह सप्ताह पहले काम से हटा दिया गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी को घटना वाले दिन सुबह करीब 6 बजे आसपास के CCTV कैमरों में देखा गया है। पुलिस को शक है कि वह घर के आसपास पहले से मौजूद था और मौका देखकर अंदर घुसा।
राजस्थान का रहने वाला आरोपी फरार
संदिग्ध आरोपी राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है और फिलहाल फरार है। उसे पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
UPSC की तैयारी कर रही थी युवती
मृतका एक इंजीनियरिंग ग्रेजुएट थी और संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी कर रही थी। पुलिस को शक है कि आरोपी ने घर में अकेले होने का फायदा उठाकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
वित्तीय गड़बड़ी के चलते हटाया गया था कर्मचारी
जांच में यह भी सामने आया है कि संदिग्ध आरोपी करीब 7-8 महीने तक घर में काम कर चुका था, लेकिन वित्तीय गड़बड़ी की शिकायतों के बाद उसे हटा दिया गया था। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह वारदात बदले की भावना से तो नहीं की गई।