{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कफ सिरप मामले में फरार आरोपी प्रशांत उपाध्याय के घर बजी डुगडुगी, 30 मार्च तक कोर्ट में पेश होने का अल्टीमेटम

वाराणसी में कोडीन कफ सिरप मामले में पुलिस ने फरार आरोपी प्रशांत उपाध्याय के घर डुगडुगी बजाकर नोटिस चस्पा किया। कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी किया है। 30 मार्च तक पेश न होने पर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। मामले में करोड़ों के अवैध कारोबार की जांच जारी है।

 

वाराणसी: कोडीन कफ सिरप रैकेट में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी प्रशांत उपाध्याय उर्फ लड्डू के मड़ौली और महमूरगंज स्थित आवास पर डुगडुगी बजवाकर नोटिस चस्पा किया है। उसे 30 मार्च तक अदालत में उपस्थित होने का अंतिम मौका दिया गया है।

कोर्ट का आदेश, कुर्की की चेतावनी

पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी के खिलाफ कोर्ट से गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी है। कई बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद पेश न होने पर अब धारा 84 के तहत कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक रूप से सूचना दी गई है। यदि तय समय तक वह अदालत में पेश नहीं होता है तो उसकी संपत्ति कुर्क की जाएगी।

डुगडुगी बजाकर दी गई सार्वजनिक सूचना

पुलिस टीम ने मड़ौली और महमूरगंज स्थित मकानों पर डुगडुगी बजाकर स्थानीय लोगों को जानकारी दी कि प्रशांत उपाध्याय कोडीन कफ सिरप मामले में फरार है। साथ ही मकान पर नोटिस चस्पा कर 30 मार्च तक एसीजेएम फास्ट ट्रैक कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया गया है।

पहले भी हो चुकी है छापेमारी

इससे पहले 9 जनवरी 2026 को एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर छापेमारी की थी। इस दौरान आरोपी घर पर नहीं मिला, लेकिन पुलिस को मौके से कई अहम दस्तावेज मिले।

फर्जी दस्तावेज और कफ सिरप का नेटवर्क

छापेमारी के दौरान पुलिस ने कोडीन कफ सिरप के रैपर, शीशियां, पेन ड्राइव, लैपटॉप और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए। जांच में सामने आया कि आरोपी की फर्म ‘राधिका इंटरप्राइजेज’ और ‘राजेंद्र ड्रग एजेंसी’ का अन्य फर्मों से लेनदेन था, जिसकी जांच जारी है।

करोड़ों के अवैध कारोबार का आरोप

पुलिस के मुताबिक, प्रशांत उपाध्याय ने मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के साथ मिलकर कोडीन कफ सिरप के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार किया। पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस लगातार जांच कर रही है।

पुलिस का सख्त संदेश

कोतवाली थाना प्रभारी दया शंकर सिंह ने स्पष्ट कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है।