गैंगस्टर एक्ट का फरार मनीष सिंह गिरफ्तार, रामनगर पुलिस ने चंदौली से दबोचा
वाराणसी: गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी मनीष सिंह को चंदौली जिले से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ वाराणसी, चंदौली और मिर्जापुर में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
कटरिया पेट्रोल पंप के पास हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार पुलिस आयुक्त के निर्देश पर संगठित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली के निर्देशन में रामनगर थाना पुलिस ने टीम गठित कर कार्रवाई की।
तलाश के दौरान गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित मनीष सिंह पुत्र स्वर्गीय मुन्ना सिंह, निवासी नारायणपुर थाना अदलहाट जनपद मिर्जापुर को कटरिया पेट्रोल पंप, जनपद चंदौली के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी शुक्रवार देर रात करीब 11:45 बजे की गई।
गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में था फरार
रामनगर थाना में दर्ज गैंगस्टर एक्टर में मनीष सिंह की तलाश की जा रही थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मनीष सिंह का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, अवैध हथियार रखने, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं में वाराणसी, चंदौली और मिर्जापुर में कई मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों में वर्ष 2023 से लेकर 2026 तक के कई अभियोग शामिल हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और गंभीर आपराधिक धाराएं शामिल हैं।
संगठित अपराधियों पर कार्रवाई जारी
रामनगर थाना पुलिस का कहना है कि कमिश्नरेट वाराणसी में संगठित अपराधियों और गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले और संगठित अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक जय प्रकाश सिंह, चौकी प्रभारी भीटी पंकज मिश्रा, उपनिरीक्षक अनिल राजपूत, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल पवन कुमार शामिल रहे।