चंदौली में 24 घंटे में तीन हत्या करने वाला रिटायर्ड फौजी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दो जवान घायल
Chandauli Crime News: चंदौली में पिछले 24 घंटे से दहशत का कारण बने साइको किलर का आखिरकार पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। आरोपी पर दो रेल यात्रियों और अस्पताल में भर्ती एक महिला की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। सोमवार देर रात पुलिस और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी गुरप्रीत सिंह मुठभेड़ में मारा गया। इस कार्रवाई में एक दरोगा और जीआरपी का जवान भी घायल हो गए।
क्राइम सीन रीक्रिएट के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार आरोपी को ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में हुई हत्या के मामले में घटनास्थल दरियापुर ले जाया जा रहा था ताकि क्राइम सीन रीक्रिएट किया जा सके। इसी दौरान कुचमन स्टेशन के पास आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में जफरपुर चौकी प्रभारी सतीश सिंह और जीआरपी के जवान मनोज यादव घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
24 घंटे में लगातार तीन हत्याओं से दहला था जिला
चंदौली में रविवार और सोमवार के बीच हुई लगातार तीन हत्याओं ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी थी। सबसे पहले ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में एक यात्री की गोली मारकर हत्या की गई। इसके बाद जम्मूतवी-नई दिल्ली एक्सप्रेस में एक अन्य यात्री की हत्या हुई।
इसी बीच सोमवार सुबह अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर स्थित जीवक अस्पताल में भर्ती महिला लक्ष्मीना देवी को गोली मार दी गई। अस्पताल से भागते समय स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में खुलते गए हत्या के राज
पुलिस हिरासत में आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही थी। जांच के दौरान मिले इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को शक हुआ कि तीनों हत्याओं में वही शामिल है। इसके बाद पुलिस टीम उसे घटनास्थलों पर ले जाकर पूरी वारदात का क्रम समझने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और हालात मुठभेड़ तक पहुंच गए।
छह साल पहले सेना से रिटायर हुआ था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गुरप्रीत सिंह पंजाब के अमृतसर का रहने वाला था और भारतीय सेना में तैनात रह चुका था। करीब छह साल पहले वह सेना से रिटायर हुआ था। उसके पास से एक लाइसेंसी हथियार और एक अवैध असलहा भी बरामद किया गया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक और मानसिक बैकग्राउंड की भी जांच कर रही है।
एसपी बोले- तीनों हत्याओं में शामिल था आरोपी
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि गुरप्रीत सिंह ताड़ीघाट पैसेंजर, कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस और कमलापुर अस्पताल में हुई हत्या की घटनाओं में शामिल था। पुलिस ने उसके खिलाफ मिले सभी साक्ष्यों को कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार ट्रेनों में हुई हत्याओं और अस्पताल तक पहुंची वारदात ने जिले की कानून-व्यवस्था और रेलवे सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों में सुरक्षा जांच और निगरानी बेहद कमजोर हो चुकी है, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं। रेलवे पुलिस और जिला प्रशासन अब सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और आरोपी के नेटवर्क की जांच में जुटा है ताकि पूरे मामले की हर कड़ी को समझा जा सके।