{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी की पहड़िया मंडी में आधी रात चली गोली, 5 हजार रुपये के विवाद में दो पक्षों में हुई मारपीट, हिस्ट्रीशीटर ने की फायरिंग

 

वाराणसी: लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित पहड़िया मंडी में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब दो पक्षों के बीच चल रहे पैसों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया और फिर एक हिस्ट्रीशीटर द्वारा कथित तौर पर हवाई फायरिंग किए जाने से इलाके में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, पहड़िया निवासी अंशुमान सिंह उर्फ सानू और अवनीश गौतम के बीच करीब 5 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था। बुधवार देर रात दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि विवाद को सुलझाने के लिए गाजीपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर अंगद यादव और उसका साथी शैलेंद्र भी मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई। आरोप है कि मारपीट के दौरान अंगद यादव ने दूसरे पक्ष को डराने के लिए अवैध असलहा निकालकर हवाई फायरिंग कर दी।

गोली चलने की आवाज सुनते ही मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में भय का माहौल बन गया। फायरिंग के बाद आरोपी पक्ष मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पीड़ित पक्ष के लोगों ने अंगद यादव को पकड़ लिया। इस दौरान उसके साथियों ने उसे छुड़ाने का प्रयास भी किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।

घटना की सूचना मिलते ही लालपुर-पांडेयपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और अंगद यादव को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल बरामद की है। साथ ही घटनास्थल से एक खोखा कारतूस भी मिला है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, देर रात दो गुटों के बीच झड़प और फायरिंग की सूचना पर तत्काल पुलिस बल भेजा गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लोगों को डराने की नीयत से हवाई फायरिंग की थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।