{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सौतेली मां ने 4 साल की बेटी को गला दबाकर मार डाला, बेड से गिरने की बनाई झूठी कहानी, ऐसे खुला राज

 
गाजियाबाद (Ghaziabad) में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सौतेली मां ने अपनी 4 साल की मासूम बेटी की हत्या कर दी। आरोपी महिला ने पहले बच्ची की मौत को हादसा बताया, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने के बाद पूरा मामला खुल गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ज्योति ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा, “मैं सौतेले बच्चों की जिम्मेदारी नहीं उठाना चाहती थी। वंशिका से मुझे चिढ़ होने लगी थी। गुस्से में मैंने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और फिर उसकी नाक दबाकर मार डाला।”

घटना वेव सिटी थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पहली पत्नी से थे दो बच्चे

जानकारी के मुताबिक, अलीगढ़ के खैर थाना क्षेत्र के सोपा गांव निवासी नितेश गाजियाबाद में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। उनकी पहली शादी विनेश नाम की महिला से हुई थी, जिससे उनके दो बच्चे दर्श और वंशिका थे।

करीब दो साल पहले नितेश और उनकी पहली पत्नी अलग हो गए। इसके बाद नितेश ने डेढ़ साल पहले ज्योति से दूसरी शादी कर ली। ज्योति से उनकी दो महीने की एक बेटी भी है।

पति के ड्यूटी पर जाते ही हुई वारदात

नितेश के अनुसार, घटना वाले दिन वह दोपहर में ड्यूटी पर चले गए थे। घर में उनकी दूसरी पत्नी ज्योति और तीनों बच्चे मौजूद थे। रात करीब 8 बजे जब वह लौटे तो 4 साल की वंशिका मृत अवस्था में पड़ी मिली।

पूछने पर ज्योति ने बताया कि बच्ची बेड से गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि नितेश को उसकी बातों पर शक हुआ और उन्होंने अपने बड़े भाई अमित को बुलाया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुला राज

पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में गला और नाक दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने ज्योति को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

आरोपी ने बताया कि वह सौतेले बच्चों की जिम्मेदारी नहीं निभाना चाहती थी। उसने कई बार पति से भी इस बारे में कहा था, लेकिन पति बच्चों को अपनाने का दबाव डालता था।

ज्योति ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वंशिका उसे बार-बार परेशान कर रही थी। गुस्से में उसने बच्ची को बेड पर पटक दिया। जब बच्ची जोर-जोर से रोने लगी तो उसने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और फिर नाक दबा दी, जिससे उसकी सांस रुक गई।

हादसे का रूप देने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपी महिला ने इसे हादसा दिखाने के लिए बच्ची के बेड से गिरने की झूठी कहानी बनाई। लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने उसकी साजिश का खुलासा कर दिया।

बच्ची के ताऊ अमित की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

इस मामले पर एसीपी वेव सिटी Priyashree Pal ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।