{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में 25 हजार के इनामी हत्यारे तेजा का एनकाउंटर, बुजुर्ग की सिर कूंचकर की थी हत्या

 

वाराणसी: बड़ागांव थानाक्षेत्र में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी तेज बहादुर पटेल उर्फ तेजा को मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया। तेजा पर 26 जनवरी 2025 को पुआरीकला गांव में एक बुजुर्ग की सिर कूंचकर हत्या करने का आरोप था। विवेचना में उसका नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को बीती रात सूचना मिली कि तेजा बीरापट्टी रेलवे स्टेशन से मुंबई भागने की कोशिश में है। इस सूचना पर बड़ागांव पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर तेजा ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

डीसीपी आकाश पटेल ने बताया कि तेजा के खिलाफ हत्या के मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। 26 जनवरी को हुई हत्या के बाद से पुलिस लगातार उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही थी, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलता रहा। 26 अक्टूबर को सर्विलांस टीम ने उसके मोबाइल की लोकेशन बीरापट्टी स्टेशन के आसपास पाई थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

पूछताछ में तेजा ने खुलासा किया कि वह एक गैंग का सरगना है और सुपारी लेकर हत्याएं करवाता है। पुलिस अब उसके साथियों की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों के अनुसार, तेजा के खिलाफ उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में हत्या, लूट, चोरी और मारपीट जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।

डीसीपी का कहना है कि पुलिस अब उसके पूरे गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।