{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पति को बिल्डिंग से धक्का दिया, नहीं मरा तो पत्नी ने अस्पताल से घर लाकर लगा दिया टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन

तेलंगाना के निजामाबाद में प्रेम प्रसंग के चलते पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। पहले बिल्डिंग से धक्का दिया, बचने पर इलाज के दौरान कैनुला के जरिए टॉयलेट क्लीनर और दवा का इंजेक्शन देकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

 

निजामाबाद: तेलंगाना के निजामाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की ऐसी साजिश रची, जिसने सभी को हैरान कर दिया। आरोप है कि पहले पति को शराब पिलाकर बिल्डिंग से नीचे धक्का दिया गया। जब वह गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद बच गया, तो इलाज के दौरान कैनुला के जरिए टॉयलेट क्लीनर और एनेस्थीसिया की दवा का इंजेक्शन देकर उसकी जान ले ली गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मृतक की मां की शिकायत से खुला राज

पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय प्रशांत की 30 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। एक जुलाई को मृतक की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए अपनी बहू संध्या पर बेटे की हत्या का शक जताया। उन्होंने बताया कि उन्हें बेटे के घर लौटने और उसकी मौत से पहले की घटनाओं की कोई जानकारी नहीं थी। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ में पता चला कि संध्या का अनिल नामक व्यक्ति से प्रेम संबंध था। दोनों को लगने लगा था कि प्रशांत उनके रिश्ते में सबसे बड़ी बाधा है। इसके बाद दोनों ने प्रशांत को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और अपने परिचित वेंकटा साईं को भी साजिश में शामिल कर लिया।

पहले शराब पिलाई, फिर बिल्डिंग से धक्का दिया

पुलिस के मुताबिक, 29 जून को वेंकटा साईं प्रशांत के घर पहुंचा और उसे काफी शराब पिलाई। नशे की हालत में उसे बिल्डिंग से नीचे धक्का दे दिया गया। इस हमले में प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन उसकी जान बच गई। इसके बाद उसे पहले सरकारी अस्पताल और फिर निजी अस्पताल ले जाया गया।

कैनुला के जरिए दिया टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन

पुलिस का आरोप है कि अस्पताल से घर लाने के बाद अनिल के कहने पर संध्या ने प्रशांत के शरीर में लगी कैनुला के जरिए टॉयलेट क्लीनर और एनेस्थीसिया की दवा का इंजेक्शन दिया। इससे उसकी हालत और बिगड़ गई। आरोप है कि बाद में उसे खाट से नीचे धक्का दिया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर संध्या, उसके प्रेमी अनिल और वेंकटा साईं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। अदालत में पेश किए जाने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।