पैंट में छिपाकर ला रहे थे 3.54 करोड़ का विदेशी सोना, वाराणसी कैंट स्टेशन पर GRP-RPF ने दो तस्करों को दबोचा
Varanasi : वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सोना तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 2.215 किलो विदेशी सोने के 19 बिस्कुट बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3.54 करोड़ रुपये बताई जा रही है। बरामद सोने को आगे की जांच के लिए Directorate of Revenue Intelligence (DRI) को सौंप दिया गया है।
डिब्रूगढ़ राजधानी से पहुंचे थे वाराणसी
पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान ट्रेन संख्या 20503 Dibrugarh Rajdhani Express के प्लेटफार्म नंबर-5 पर पहुंचते ही दो युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। जब पुलिस टीम उनकी ओर बढ़ी तो दोनों घबरा गए और स्टेशन से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। संदेह होने पर टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया और पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।
महाराष्ट्र के रहने वाले हैं आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान बालासो पुत्र अशोक जाधव (36) निवासी सतारा और तेजस बालासाहेब पंवार (23) निवासी पुणे, महाराष्ट्र के रूप में बताई। तलाशी के दौरान बालासो की पैंट की जेब से 10 और तेजस की जेब से 9 सोने के बिस्कुट बरामद हुए। दोनों ने सोने के बार पैंट की फेंट काटकर छिपा रखे थे।
बांग्लादेश से तस्करी कर लाया गया था सोना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह विदेशी सोना है, जिसे बंग्लादेश से तस्करी कर भारत लाया गया था। उन्हें पश्चिम बंगाल के कूचबिहार से यह सोना देकर दिल्ली पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी। आरोपियों के मुताबिक उनके मालिक श्यामबाबू के कहने पर वे यह सोना ट्रेन के जरिए दिल्ली ले जा रहे थे।
तीन महीने में कई बार कर चुके हैं तस्करी
मामले की जानकारी देते हुए प्रयागराज जोन के आईजी रेलवे N. Kolanchi ने बताया कि दोनों आरोपी खुद को छात्र और पेंटर बताते हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पिछले तीन महीनों में ये दोनों करीब 35 से 40 बार सोने की तस्करी कर चुके हैं।
पूरी कार्रवाई जीआरपी और Railway Protection Force की संयुक्त टीम ने की। बरामद सोना आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए वाराणसी स्थित डीआरआई की सिगरा इकाई को सौंप दिया गया है। बरामदगी की सूचना मिलते ही कस्टम और आयकर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में जीआरपी कैंट वाराणसी के प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, आरपीएफ पोस्ट वाराणसी के प्रभारी निरीक्षक संदीप यादव, निरीक्षक देवचंद्र यादव, उपनिरीक्षक राजबहादुर, उपनिरीक्षक सोहनपाल वर्मा समेत जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम शामिल रही।