शादी में बाराती बनकर आया चोर, फूल लेने का बहाने, लाखों के गहने लेकर फरार
वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान एक युवक ने दुल्हनों के गहनों से भरा बैग चोरी कर लिया। बारात के बीच घुसकर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने दो महिला वेटर समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
वाराणसी: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां खुशियों के माहौल में एक शातिर युवक ने मेहमान बनकर प्रवेश किया और दुल्हनों के कीमती गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गया।
बारातियों के बीच घुलमिलकर वारदात को दिया अंजाम
ठटरा गांव के पास कपसेठी मार्ग स्थित एक लॉन में धौकलगंज निवासी राजेश सोनकर की दो बेटियों की शादी एक ही समारोह में हो रही थी।
इसी दौरान एक युवक बाइक से पहुंचा और बारातियों के बीच इस तरह घुलमिल गया कि किसी को उस पर शक तक नहीं हुआ। मौके का फायदा उठाते हुए वह धीरे-धीरे उस कमरे तक पहुंच गया, जहां दुल्हनों के गहने सुरक्षित रखे गए थे।
फूल लेने का बहाना, और फिर गहनों पर हाथ साफ
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने कमरे के बाहर मौजूद महिला वेटर से बातचीत शुरू की और फूल लेने का बहाना बनाकर अंदर चला गया। कुछ ही मिनटों में उसने गहनों से भरा बैग उठाया और मौके से फरार हो गया। जब तक लोगों को घटना की जानकारी हुई, तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुका था।
सोने के जेवरात समेत लाखों का सामान पार
चोरी हुए गहनों में दोनों दूल्हों की सोने की चेन और अंगूठियां, दुल्हनों के झुमके और नथ, रिश्तेदारों के कंफूल, मंगलसूत्र और अन्य आभूषण शामिल हैं। इस घटना से शादी का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया और परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गहनों के बिना विदाई, अधूरी रह गईं कई रस्में
पीड़ित पिता के अनुसार, गहनों की चोरी के कारण शादी की कई रस्में प्रभावित हुईं। किसी तरह आवश्यक परंपराएं पूरी कर दोनों दुल्हनों की विदाई कराई गई, जबकि कुछ रस्में बाद में पूरी करने का निर्णय लिया गया।
चार लोग हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडे के अनुसार, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल दो महिला वेटर समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना की कड़ियां जोड़ी जा सकें।