{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में दो हुक्काबार का भंडाफोड़, ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस, हुक्का पीते मिले युवक-युवतियां

वाराणसी में एसओजी और सिगरा पुलिस ने अवैध हुक्काबारों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 लोगों को हिरासत में लिया। ग्राहक बनकर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दो हुक्काबारों में छापा मारकर भारी मात्रा में नशीले फ्लेवर, हुक्का और टोबैको बरामद किया। संचालकों की तलाश जारी है।

 

वाराणसी: शहर में रविवार देर रात अवैध रूप से संचालित हुक्काबारों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। एसओजी और सिगरा पुलिस की संयुक्त टीम ने बेहद सुनियोजित तरीके से कार्रवाई करते हुए शहर के दो चर्चित हुक्काबारों पर छापेमारी की। इस दौरान 18 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि कई संचालक मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने कार्रवाई से पहले अपने सिपाहियों को ग्राहक बनाकर हुक्काबारों में भेजा। अंदर से मिली सूचना के बाद टीम ने अचानक छापा मारते हुए पूरे रैकेट का पर्दाफाश कर दिया।

बैकडोर से भागे संचालक, मचा हड़कंप

पुलिस ने सबसे पहले डब्ल्यूएच स्मिथ स्कूल रोड स्थित पूर्विका होटल के बेसमेंट में चल रहे “Love Bite Hookah Bar” पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और संचालक अभिषेक सोनकर तथा अजीत बिंद पीछे के रास्ते से फरार हो गए।

हालांकि मौके से विवेक नामक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को यहां 13 युवक हुक्का पीते हुए मिले। जांच के दौरान कई प्रकार के नशीले फ्लेवर, टोबैको और हुक्का सामग्री बरामद की गई।

Lord of Shesha में भी चल रहा था हुक्काबार

पहली कार्रवाई के बाद सिगरा पुलिस और एसओजी की टीम ने आकाशवाणी तिराहे के पास स्थित “Lord of Shesha Restaurant” पर छापा मारा। यहां भी रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध हुक्काबार संचालित किया जा रहा था।

पुलिस ने मौके से संचालक नितेश विश्वकर्मा उर्फ बाबू समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। रेस्टोरेंट में अलग-अलग टेबलों पर हुक्का परोसा जा रहा था और युवक-युवतियां मौजूद थे। जैसे ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की, वहां मौजूद लोग भागने लगे लेकिन पुलिसकर्मियों ने सभी को गेट पर ही रोक लिया।

नशीले फ्लेवर और टोबैको बरामद

दोनों हुक्काबारों से पुलिस ने भारी मात्रा में हुक्का, टोबैको और विभिन्न प्रकार के नशीले फ्लेवर बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि इन फ्लेवरों की जांच कराई जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनमें प्रतिबंधित पदार्थों का इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा था। हिरासत में लिए गए लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

एसीपी बोले- नशे के कारोबार पर जारी रहेगा अभियान

मौके पर पहुंचे एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने बताया कि शहर में लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि रेस्टोरेंट और कैफे की आड़ में अवैध हुक्काबार संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दोनों ठिकानों से भारी मात्रा में नशीली सामग्री बरामद हुई है और पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार संचालकों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।

वाराणसी में बढ़ रही थी हुक्काबार संस्कृति

पुलिस सूत्रों के मुताबिक शहर में हाल के दिनों में कई कैफे और रेस्टोरेंटों में अवैध रूप से हुक्काबार चलाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। खासतौर पर युवाओं को आकर्षित करने के लिए अलग-अलग फ्लेवर और पार्टी कल्चर का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस अब ऐसे सभी ठिकानों की सूची तैयार कर रही है जहां नियमों का उल्लंघन कर हुक्काबार संचालित किए जा रहे हैं।