{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में झपटमार गैंग का पर्दाफाश, बुजुर्ग महिला से सोने का टप्स छीनने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से सोने का टप छीनने वाले दो आरोपियों को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत हुई कार्रवाई में घटना में प्रयुक्त बाइक, नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

 

वाराणसी: लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से सोने का टप छीनकर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना लालपुर-पांडेयपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में  इस्तेमाल होने वाली मोटरसाइकिल, 8 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पता पूछने के बहाने की थी झपटमारी

पुलिस के अनुसार 16 जून को सत्यम नगर कॉलोनी निवासी सुबाष कुमार अग्रहरि की बुजुर्ग मां घर के बाहर मौजूद थीं। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और पता पूछने के बहाने बातचीत करने लगे। अचानक आरोपियों ने महिला के कान से सोने का टप झपट लिया और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच शुरू करते हुए पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी।

ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत मिली सफलता

लालपुर-पांडेयपुर पुलिस और एसओजी टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ऐढ़े स्थित काशीराम आवास के पीछे घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने झपटमारी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

चौबेपुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चौबेपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले गणेश सोनकर और दीपक पाठक के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद लगातार ठिकाने बदल रहे थे ताकि गिरफ्तारी से बच सकें।

बाइक, नकदी और मोबाइल फोन बरामद

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल, 8 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद नकदी को पुलिस वारदात से जुड़ी रकम मानकर जांच कर रही है।

एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दीपक पाठक के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, धोखाधड़ी, जालसाजी और गोवंश तस्करी से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं गणेश सोनकर का नाम इस झपटमारी मामले में सामने आया है।