{"vars":{"id": "130921:5012"}}

चौकी प्रभारी को धक्का दिया, हिरासत में ई-रिक्शा से कूदकर भागे दो बदमाश

ई-रिक्शा से थाना ले जाए जा रहे दो बदमाशों ने चौकी प्रभारी को धक्का देकर फरार होने की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। घायल दारोगा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

 

वाराणसी: पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ई-रिक्शा से थाना ले जाए जा रहे दो बदमाशों ने अचानक हमला कर चौकी प्रभारी को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और मौके से फरार हो गए। 

ई-रिक्शा में ले जाते वक्त किया हमला

जानकारी के अनुसार, दुल्लहपुर (दानगंज) निवासी ऑटो चालक बबलू सोनकर की गाड़ी से एक बाइक सवार की मामूली टक्कर हो गई थी। इस बात पर विवाद बढ़ गया और बाइक सवार ने अपने साथियों गुलशन सिंह (तरांव, चोलापुर) और मोहित चौहान (जरियारी) को बुला लिया।

तीनों ने मिलकर ऑटो चालक की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर दानगंज पुलिस चौकी प्रभारी जितेंद्र राजभर मौके पर पहुंचे और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

रास्ते में अचानक बदला खेल

पुलिस चौकी पर तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए चौकी प्रभारी दोनों आरोपियों को ई-रिक्शा से थाने ले जा रहे थे। इसी दौरान वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर पहुंचते ही दोनों आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया। उन्होंने चौकी प्रभारी को जोरदार धक्का दे दिया, जिससे वे ई-रिक्शा से गिरकर अचेत हो गए। मौका मिलते ही दोनों बदमाश वहां से फरार हो गए।

 घायल चौकी प्रभारी का इलाज

घटना के बाद राहगीरों ने घायल चौकी प्रभारी को तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद उन्हें होश आया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, तलाश जारी

थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार के मुताबिक, फरार दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।