वाराणसी: दारोगा भर्ती परीक्षा में पकड़ा गया सॉल्वर, बायोमेट्रिक जांच में खुली पोल
वाराणसी में पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़ा सामने आया। नई सड़क स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज केंद्र पर एक युवक दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देता पकड़ा गया। बायोमेट्रिक जांच में मामला उजागर हुआ और लक्सा थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
वाराणसी: पुलिस उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा के दौरान वाराणसी में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। नई सड़क स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र पर एक युवक दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान विमलेश कुमार के रूप में हुई है, जो फिरोजाबाद का रहने वाला है। वह सोनभद्र के पवन कुमार नामक अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने पहुंचा था।
बायोमेट्रिक जांच में खुली पोल
रविवार को प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान पवन कुमार के नाम से एक अभ्यर्थी परीक्षा देने केंद्र पर पहुंचा। प्रारंभिक बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे परीक्षा कक्ष में बैठा दिया गया।
इसी बीच पुलिस भर्ती बोर्ड से सूचना मिली कि केंद्र कोड 85037 पर अनुक्रमांक 8503703175 का परीक्षार्थी संदिग्ध है और उसका ई-केवाईसी सत्यापन नहीं हो पाया है।
दोबारा जांच में पकड़ा गया फर्जी अभ्यर्थी
सूचना मिलने पर केंद्र की बायोमेट्रिक टीम ने दोबारा ई-केवाईसी सत्यापन करने का प्रयास किया, लेकिन आधार कार्ड लॉक होने के कारण सत्यापन संभव नहीं हो पाया। जांच में पता चला कि परीक्षार्थी असली अभ्यर्थी नहीं है।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
मामले की जानकारी मिलते ही लक्सा थाना पुलिस ने आरोपित विमलेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस भर्ती बोर्ड ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।