जंगलों से तोतों का शिकार, शहरों में सप्लाई का खेल! वाराणसी में 650 प्रतिबंधित प्रजाति के तोतों के साथ 3 गिरफ्तार
वाराणसी में जंगलों से प्रतिबंधित प्रजाति के तोतों का शिकार कर उन्हें दूसरे शहरों में बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है। गुरुवार रात घेराबंदी कर टीम ने पिकअप वाहन से 650 जीवित तोते बरामद किए। मामले में बिहार के पटना निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद पक्षियों में 60 एलेक्जेंड्रिन और 590 सामान्य प्रजाति के तोते शामिल हैं।
पिकअप में सात पिंजरों और दो बोरों में भरे थे तोते
गुरुवार रात करीब 11:30 बजे वन विभाग को पिकअप वाहन से प्रतिबंधित पक्षियों की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने वाराणसी में घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान सात लोहे के पिंजरों और दो बोरों में ठूंसकर रखे गए 650 जीवित तोते मिले।
कार्रवाई के दौरान मोहम्मद शमीम, मोहम्मद नासीर और आफताब को गिरफ्तार किया गया। तीनों बिहार के पटना के रहने वाले हैं। गिरोह का सरगना मोहम्मद सलीम बताया गया है।
मिर्जापुर और चंदौली के जंगलों से खरीदते थे तोते
वन संरक्षक रवि सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे मिर्जापुर और चंदौली के जंगलों में शिकारियों के माध्यम से तोते खरीदते थे। इसके बाद इन पक्षियों को दूसरे शहरों में ले जाकर बेच दिया जाता था। गिरोह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय बताया जा रहा है।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
वन संरक्षक रवि सिंह ने बताया कि बरामद सभी पक्षी वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत संरक्षित हैं। इनके शिकार, पकड़ने और व्यापार पर प्रतिबंध है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।