{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: 54 किलो गांजा के साथ बिहार का तस्कर गिरफ्तार, ट्रक में छिपाकर करता था सप्लाई

वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 54.160 किलो अवैध गांजा बरामद किया। बिहार निवासी आरोपी को ट्रक समेत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

 

वाराणसी: लोहता थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 54.160 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में बिहार निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा की खेप, तस्करी में इस्तेमाल ट्रक और नकदी जब्त कर ली है।

पुलिस के मुताबिक मंगलवार को लोहता थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सभईपुर अंडरपास के पास एक मालवाहक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक के अंदर छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान वकील बिंद निवासी रंगपुर, थाना दरियांव, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 29 वर्ष बताई जा रही है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दूसरे राज्य से गांजा खरीदकर स्थानीय बाजार में बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस से बचने के लिए गांजा ट्रक के अगले हिस्से में बने गुप्त डिवाइडर में छिपाया गया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 54.160 किलोग्राम गांजा, एक ट्रक और 580 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद गांजा की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।

इस मामले में थाना लोहता में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी पहले भी उड़ीसा में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। अन्य राज्यों में भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।