{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Varanasi : नाबालिग से जीजा-चाचा 5 महीनों से कर रहे थे दरिंदगी, किसी को बताने पर दी थी मां को जान से मारने की धमकी

 

वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां नाबालिग लड़की से उसके जीजा और चाचा ने कई महीनों तक शारीरिक शोषण किया। घटना का खुलासा तब हुआ जब किशोरी की तबीयत अचानक बिगड़ी और डॉक्टर की जांच में पता चला कि वह पांच महीने की गर्भवती है। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

डॉक्टर की जांच में सामने आया सच

परिजनों के अनुसार, किशोरी की तबीयत कुछ दिनों से खराब थी। जब उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया तो पता चला कि वह गर्भवती है। यह सुनकर परिवार के होश उड़ गए। जब उन्होंने लड़की से पूछा तो उसने बताया कि उसके जीजा और चाचा ने पिछले छह महीनों से लगातार उससे दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी।

पहली बार जीजा ने छत पर किया था शोषण

पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि मई महीने में उसकी बुआ की बेटी और जीजा घर आए थे और एक रात रुके थे। उस रात पिता और जीजा ने शराब पी थी। सभी लोग छत पर सोए थे, तभी जीजा ने उसका मुंह दबाकर जबरन दुषक्रर्म किया। पीड़िता ने विरोध किया, लेकिन उसने बात नहीं मानी। उस समय उसकी मां जागी भी थी, मगर मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण कुछ समझ नहीं पाईं।

 चाचा ने भी किया  दुष्कर्म

किशोरी ने बताया कि इसके बाद अलीनगर निवासी जीजा बार-बार घर आने लगा और मौका पाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। कुछ समय बाद घर के पास रहने वाले चाचा ने भी उसके साथ छत पर रेप किया। दोनों ने ही उसे डराकर चुप रहने को कहा, जिसके कारण वह किसी से कुछ नहीं बता पाई।

 दोनों आरोपी गिरफ्तार

रामनगर थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह ने बताया कि नाबालिग के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि आरोपियों को सजा मिल सके।