{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: इस वजह से देवर बना हैवान, पुलिस को बताया क्यों- भाभी की कुल्हाड़ी से कर दी बेरहमी से हत्या

वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र में देवर ने अपनी भाभी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। जांच में सामने आया कि शादी को लेकर चल रहे विवाद के कारण यह वारदात हुई। घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

वाराणसी: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना, जहां देवर ने अपनी ही भाभी की बेरहमी से हत्या कर पैर को  कुल्हाड़ी से काट दिआ था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए हत्या के कारणों का पता लगा लिया है।

मृतका पूनम पटेल शनिवार सुबह घर के बाहर गेहूं सुखा रही थी। उसी दौरान देवर अजीत पटेल कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और अचानक हमला कर दिया। पहले पीठ पर वार किया, फिर सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने पैर पर कई वार कर दिए।

क्यों बना देवर हैवान?

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अजीत पटेल अपने भाई की साली से शादी करना चाहता था, लेकिन भाभी पूनम इस रिश्ते के खिलाफ थी। यही बात दोनों के बीच तनाव की वजह बनी हुई थी। इसी रंजिश में अजीत ने भाभी को रास्ते से हटाने की ठान ली और मौका मिलते ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।

वारदात के बाद खुद दी सूचना

हैरानी की बात यह रही कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं, बल्कि खून से सनी कुल्हाड़ी के साथ शव के पास ही बैठा रहा। उसने खुद ही अपने भाई और पुलिस को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर कुल्हाड़ी को कब्जे में लिया गया है।


घटना की जानकारी मिलते ही पति सुजीत पटेल घर पहुंचे और पत्नी का शव देखकर बेसुध हो गए। वहीं स्कूल से लौटा पांच साल का मासूम बेटा मां को खून से लथपथ देखकर फूट-फूटकर रो पड़ा। पूरे गांव में इस घटना के बाद दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है।


एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव के अनुसार, पारिवारिक विवाद के चलते यह घटना हुई है। परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।