{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ATM के कैश स्लॉट में फंसाता था स्ट्रिप, बाद में निकालता था नकदी- शातिर टप्पेबाज गिरफ्तार

वाराणसी कैंट पुलिस ने अंतरजनपदीय ATM टप्पेबाज को गिरफ्तार करने का दावा किया है। आरोपी पर वाराणसी, प्रयागराज और मिर्जापुर में चोरी व धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह प्लास्टिक स्ट्रिप के जरिए एटीएम मशीनों से चोरी करता था।

 

वाराणसी: थाना कैंट पुलिस ने एक अंतरजनपदीय शातिर टप्पेबाज और एटीएम चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से वाराणसी, प्रयागराज सहित अन्य जनपदों में एटीएम मशीनों से चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहनलाल विश्वकर्मा (40 वर्ष) पुत्र मेवालाल विश्वकर्मा, निवासी सागरपुर, थाना सुरवावा, जनपद भदोही के रूप में हुई है। आरोपी एटीएम मशीन के कैश आउटलेट में प्लास्टिक की स्ट्रिप फंसा देता था, जिससे पैसे बाहर नहीं निकलते थे। बाद में वह स्ट्रिप निकालकर उसमें फंसी नकदी चोरी कर लेता था।

SBI नदेसर ATM से जुड़ा मामला
30 जनवरी 2026 को SBI नदेसर स्थित एटीएम में इस तरह की गतिविधि की सूचना Hitachi कंपनी में SCE पद पर कार्यरत सत्येंद्र शर्मा को मिली। उन्हें पहले से जानकारी थी कि इसी व्यक्ति द्वारा पहले भी इस तरह की वारदात की जा चुकी है।

सूचना मिलने पर सत्येंद्र शर्मा ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस एटीएम कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ने का दावा किया। मौके से एटीएम मशीन में लगी प्लास्टिक की स्ट्रिप बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ प्रयागराज, वाराणसी और मिर्जापुर में चोरी, धोखाधड़ी, गिरोहबंदी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल 9 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें झूंसी, धूमनगंज, हंडिया, लंका, कोतवाली मिर्जापुर और थाना कैंट वाराणसी में दर्ज मामले शामिल हैं। 

गिरफ्तारी करने वाली टीम में  शिवाकांत मिश्र, प्रभारी निरीक्षक, थाना कैंट, हेड कांस्टेबल बृजेश यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।