चांदमारी में महिला से सोने की चेन लूटने वाला बदमाश एनकाउंटर में घायल, बाइक-तमंचा बरामद
वाराणसी: शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी स्थित खुशहाल नगर कॉलोनी में महिला से सोने की चेन लूटकर फरार बदमाश गुरुवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। हरिहरपुर रिंग रोड के पास हुई मुठभेड़ में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटी गई सोने की चेन, पल्सर बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है।
डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान शशि भूषण के रूप में हुई है। वह तार बांग्ला बिजली कॉलोनी, थाना डेहरी, जिला रोहतास, बिहार का निवासी है।
बच्चों के साथ राखी खरीदकर लौट रही थीं प्रिया सिंह
जानकारी के मुताबिक, जौनपुर के चंदवक में तैनात वन विभाग के डिप्टी रेंजर कृष्ण कुमार सिंह का परिवार शिवपुर के चांदमारी अंतर्गत खुशहाल नगर कॉलोनी सेक्टर ए में किराए के मकान में रहता है।
बीते सोमवार को उनकी पत्नी प्रिया सिंह अपने दोनों बच्चों के साथ राखी खरीदकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक बदमाश ने उन्हें धक्का दिया और उनके गले में पड़ी सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने बदमाश की तलाश शुरू कर दी थी।
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस से बचकर भागा बदमाश
गुरुवार देर रात करीब 11 बजे पुलिस हरिहरपुर रिंग रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शंकरा अस्पताल के सामने पुलिस को एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए उसकी घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख बाइक सवार ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, पल्सर बाइक, एक तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।