{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: फर्जी दस्तावेज से जमीन कब्जान करने की साजिश, पूर्व चौकी प्रभारी समेत 5 पर FIR

वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज के जरिए जमीन कब्जाने के आरोप में पूर्व चौकी प्रभारी चिरईगांव समेत पांच आरोपियों पर कोर्ट के आदेश से FIR दर्ज हुई है। पीड़ित ने जमीन हड़पने, धमकी देने और कूटरचित दस्तावेज पेश करने का आरोप लगाया है।
 

वाराणसी: चौबेपुर थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन कब्जाने और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने के मामले में अदालत के आदेश पर पूर्व चौकी प्रभारी चिरईगांव समेत चार नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जमीन कब्जाने की साजिश का आरोप

बराई निवासी बीरेंद्र कुमार मौर्य ने तहरीर में आरोप लगाया है कि लक्ष्मीना देवी, लालजी, उमाशंकर मिश्रा व अन्य आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उनकी खरीदी गई जमीन पर कब्जा करने की साजिश रची। पीड़ित के अनुसार, फर्जी स्टांप और हस्ताक्षरों के आधार पर न्यायालय में गलत दस्तावेज पेश किए गए।

पूर्व चौकी प्रभारी पर दबाव और धमकी देने का आरोप

मामले में तत्कालीन चौकी प्रभारी चिरईगांव उपनिरीक्षक पंकज कुमार राय पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया गया और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।

RTI से खुली अनियमितताओं की परतें

सूचना के अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त दस्तावेजों में कथित अनियमितताएं सामने आने के बाद मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद पीड़ित ने जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर से शिकायत की, जहां प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने की बात सामने आई।

कोर्ट ने पुराने आदेश को माना संदिग्ध

बताया गया कि न्यायालय ने पहले प्रस्तुत दस्तावेजों को संदिग्ध मानते हुए पूर्व आदेश निरस्त कर दिया। इसके बाद एसीजेएम-6 के निर्देश पर चौबेपुर थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक बीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।