वाराणसी में 23.94 लाख की ठगी: CT Scan ट्यूब दिलाने के नाम पर डायग्नोस्टिक सेंटर से धोखाधड़ी, कंपनी के निदेशक पर केस
वाराणसी के शिवपुर क्षेत्र में सीटी स्कैन मशीन का ट्यूब उपलब्ध कराने के नाम पर 23.94 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। करौली डायग्नोस्टिक सेंटर की शिकायत पर फरीदाबाद की माइक्रो वेव टूल्स एंड गौजेस कंपनी के निदेशक राकेश शर्मा के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
वाराणसी: शिवपुर थाना क्षेत्र में सीटी स्कैन मशीन के ट्यूब की आपूर्ति कराने के नाम पर 23 लाख 94 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। करौली डायग्नोस्टिक सेंटर की संचालक संस्था कैला देवी हेल्थ सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि की शिकायत पर पुलिस ने फरीदाबाद स्थित माइक्रो वेव टूल्स एंड गौजेस कंपनी के निदेशक राकेश शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को मेडिकल उपकरणों का अधिकृत आपूर्तिकर्ता बताते हुए डायग्नोस्टिक सेंटर को भरोसे में लिया। उसने कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेज दिखाकर सीटी स्कैन मशीन का ट्यूब उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। भरोसे में आकर संस्थान की ओर से 23.94 लाख रुपये आरोपी द्वारा बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।
हालांकि, भुगतान के बाद भी संबंधित उपकरण की आपूर्ति नहीं की गई। आरोप है कि रकम मिलने के बाद आरोपी ने फोन, ईमेल सहित सभी संपर्क माध्यम बंद कर लिए, जिससे पीड़ित पक्ष को ठगी का अहसास हुआ।
इसके बाद संस्थान के प्रतिनिधि ने शिवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचना, आपराधिक विश्वासघात और गबन समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। बैंक खाते में हुए लेन-देन और प्रस्तुत दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य जगहों पर भी धोखाधड़ी की है या नहीं।