APK ऐप से 8.38 लाख की साइबर ठगी: वाराणसी पुलिस ने बंगाल से गैंग के सरगना सहित 2 आरोपी दबोचे
वाराणसी साइबर क्राइम पुलिस ने फर्जी APK ऐप भेजकर 8.38 लाख रुपये की ठगी करने वाले गैंग के दो सदस्यों को पश्चिम बंगाल के अंडाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को RTO चालान और बैंक मैसेज के नाम पर ऐप भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेकर बैंक खातों से पैसे निकाल लेते थे।
वाराणसी: साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फर्जी Trojan और SMS Forwarder आधारित APK ऐप भेजकर लोगों के बैंक खातों से पैसे उड़ाने वाले गैंग के सरगना सहित दो साइबर अपराधियों को पश्चिम बंगाल के अंडाल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 आईफोन, 9 एंड्रॉयड मोबाइल और 1,52,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।
8.38 लाख रुपये की हुई थी साइबर ठगी
यह मामला उस समय सामने आया जब रामनगर थाना क्षेत्र के मछरहड्डा निवासी अनूप गुप्ता ने 5 जनवरी 2026 को साइबर क्राइम थाना वाराणसी में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते को हैक कर 8,38,402 रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में पुलिस ने BNS की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66D समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से पकड़े गए आरोपी
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर साइबर क्राइम टीम गठित की गई। टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और डिजिटल फुटप्रिंट की मदद से आरोपियों का पता लगाकर पश्चिम बंगाल के अंडाल रेलवे स्टेशन से दोनों को गिरफ्तार किया।
ऐसे करते थे साइबर ठगी
पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को बैंक और आरटीओ चालान भुगतान से जुड़े फर्जी डिजिटल फ्लायर भेजते थे। इसके साथ एक फर्जी APK फाइल भेजी जाती थी।
जैसे ही कोई व्यक्ति इस ऐप को अपने मोबाइल में इंस्टॉल करता था, उसका मोबाइल एक्सेस और सभी आने वाले SMS साइबर अपराधियों के पास पहुंच जाते थे। इसके बाद आरोपी बैंकिंग ट्रांजैक्शन कर पीड़ित के खाते से पैसे निकाल लेते थे।
चोरी की रकम को टेलीग्राम बॉट के जरिए म्यूल बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता था और बाद में कार्डलेस कैश निकासी के माध्यम से निकाल लिया जाता था।
पुलिस ने इस मामले में दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, नागेश्वर मंडल (30) निवासी जामताड़ा, झारखंड, अक्षय मंडल उर्फ पिंटू (24) निवासी जामताड़ा, झारखंड दोनों वर्तमान में पश्चिम बंगाल के पश्चिमी बर्धमान जिले के अंडाल क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में निरीक्षक उदयबीर सिंह, निरीक्षक शिवाकांत शुक्ला, उपनिरीक्षक आलोक सिंह यादव, विवेक सिंह सहित कई पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।