{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Varanasi Cyber Fraud: एक दिन में ठगी के 5 बड़े मामले- मोबाइल हैक, ट्रेडिंग, बीमा और कूरियर के नाम पर लाखों की ठगी

वाराणसी में साइबर ठगी के पांच बड़े मामले सामने आए हैं। मोबाइल हैक, ऑनलाइन ट्रेडिंग, बीमा बोनस, कूरियर अपडेट और धोखाधड़ी के जरिए लोगों से लाखों रुपये ठगे गए। पुलिस ने सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
 

वाराणसी: शहर और ग्रामीण इलाकों में साइबर अपराधियों का नेटवर्क लगातार सक्रिय होता जा रहा है। सोमवार को सामने आए अलग-अलग मामलों में मोबाइल हैक, ऑनलाइन ट्रेडिंग, बीमा बोनस, फर्जी कूरियर अपडेट और धोखाधड़ी के जरिए लोगों से लाखों रुपये ठग लिए गए। सभी मामलों में संबंधित थानों और साइबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल हैक कर खाते से 72 हजार रुपये उड़ाए

कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया, घोसियान निवासी अजय कुमार का मोबाइल साइबर ठगों ने हैक कर लिया। इसके बाद उनके बैंक खाते से 72 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर कैंट पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर डेढ़ लाख रुपये का खेल

चोलापुर थाना क्षेत्र के धरसौना निवासी रमेश राजभर ने अपने परिचित धनंजय कुमार पर ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर बैंक खाते का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। साइबर जांच में खाते में 1.50 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन सामने आए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कूरियर का पता अपडेट करने के बहाने महिला से ठगी

भेलूपुर थाना क्षेत्र की भदैनी निवासी रेनू त्रिपाठी साइबर ठगों का शिकार हो गईं। ठगों ने कूरियर डिलीवरी का पता सुधारने के बहाने उनसे बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर 38,099 रुपये खाते से निकाल लिए। पीड़िता ने साइबर सेल और भेलूपुर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

बीमा बोनस का लालच देकर बुजुर्ग से 11.72 लाख रुपये ठगे

चौबेपुर थाना क्षेत्र के संदहा गांव निवासी श्यामलाल पाल को बीमा पॉलिसी पर भारी बोनस मिलने का झांसा देकर 11.72 लाख रुपये की साइबर ठगी का शिकार बनाया गया। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2021 में पीएनबी मेटलाइफ की बीमा पॉलिसी ली थी। एसीपी साइबर विदुष सक्सेना ने बताया कि साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

फोटोग्राफर से 38 हजार रुपये की धोखाधड़ी, तीन पर केस

लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के राधा कटरा, हुकुलगंज निवासी फोटोग्राफर उदय जायसवाल ने तीन लोगों पर 38 हजार रुपये की धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सोनू पटेल, मनोज यादव और चंदन जायसवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस की अपील: किसी भी अनजान लिंक या कॉल पर न करें भरोसा

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या मोबाइल एक्सेस साझा न करें। ऑनलाइन ट्रेडिंग, बीमा बोनस, कूरियर अपडेट और निवेश से जुड़े किसी भी ऑफर की पहले आधिकारिक स्रोत से पुष्टि करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।