वाराणसी : रिंगरोड पर पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, कई जिलों में दर्ज हैं केस
वाराणसी: लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात रिंग रोड पर पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जीप देखकर भाग रहे बदमाशों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घायल बदमाश को उपचार के लिए दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए दोनों आरोपी चेन स्नैचिंग और लूट की कई वारदातों में शामिल रहे हैं और वारदात के बाद गोरखपुर व बिहार की ओर भाग जाते थे।
पुलिस की जीप देखते ही बदमाशों ने शुरू कर दी फायरिंग
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 12:30 बजे दोनों आरोपी पल्सर बाइक से रिंग रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम की नजर उन पर पड़ी। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे।
पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की। आरोप है कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से पुलिस टीम में हड़कंप मच गया। इसके बाद सर्किल से बैकअप फोर्स और एसओजी को मौके पर बुलाया गया।
जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल
पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान बाइक फिसलने से दोनों बदमाश सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद भी फायरिंग किए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई की, जिसमें प्रदुम्न मल्ल के पैर में गोली लग गई।
वहीं, दूसरे आरोपी वेद प्रकाश को पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ लिया। घायल प्रदुम्न को तत्काल दीनदयाल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान प्रदुम्न मल्ल (22) और वेद प्रकाश (30) के रूप में की है। दोनों मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले बताए गए हैं।
75 हजार रुपये, तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के पास से 75 हजार रुपये नकद, सोने के आभूषण, 315 बोर का तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं। जिस पल्सर बाइक से दोनों जा रहे थे, उसे भी जब्त कर लिया गया है। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने बाइक और घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
17 जुलाई को अधिवक्ता की मां से चेन लूट का आरोप
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों के वाराणसी में हुई कई लूट और चेन स्नैचिंग की घटनाओं से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने 17 जुलाई को लालपुर पांडेयपुर क्षेत्र में एक अधिवक्ता की मां से चेन लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा गाजीपुर, मऊ और अन्य जिलों में भी आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जानकारी पुलिस को मिली है।
वारदात के बाद गोरखपुर और बिहार भाग जाते थे
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी वारदात करने के बाद वाराणसी से बाहर निकल जाते थे। पुलिस के मुताबिक, लूट और चेन स्नैचिंग के बाद दोनों गोरखपुर और बिहार की ओर चले जाते थे, जिससे पुलिस की पकड़ से बच सकें। अब पुलिस दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों से भी इनके खिलाफ दर्ज मुकदमों की जानकारी जुटाई जा रही है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने बाइक, हथियार और मौके से मिले अन्य सामान से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस फायरिंग के दौरान इस्तेमाल हुए हथियार और बरामद कारतूस व खोखों की भी जांच करा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दर्ज पुराने मामलों की जानकारी जुटाने के साथ वाराणसी और आसपास के जिलों में हुई अन्य लूट और चेन स्नैचिंग की घटनाओं से भी उनका लिंक खंगाला जा रहा है।