{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पहले पीटकर दोस्त को कुएं में फेंका, फिर 2 घंटे बाद लौटकर निकाला, 10 हजार देकर चुप रहने का ऑफर

वाराणसी के मिर्जामुराद में दोस्ती को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया। युवक को पहले बेरहमी से पीटा गया, फिर बेहोशी की हालत में कुएं में फेंक दिया गया। दो घंटे बाद आरोपी लौटा और उसे बाहर निकालकर जान से मारने की धमकी व 10 हजार रुपये का लालच दिया। पुलिस ने केस दर्ज किया।

 

वाराणसी: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने ही दोस्त को सुनसान स्थान पर ले जाकर बेरहमी से पीटा, बेहोश किया और मरा समझकर कुएं में धकेल दिया। हैरानी की बात यह रही कि करीब दो घंटे बाद आरोपी दोबारा मौके पर लौटा, युवक को बाहर निकाला और पूरे मामले को छिपाने के लिए जान से मारने की धमकी देने के साथ 10 हजार रुपये देने का लालच भी दिया। पीड़ित के पिता पुलिस को दी गई शिकायत में ये सभी आरोप लगाए हैं, पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रात में घर से बुलाकर ले गया दोस्त

पीड़ित विवेक कुमार पटेल के पिता प्रकाश चंद्र ने मिर्जामुराद थाने में दी गई शिकायत में बताया कि 28 जुलाई की रात उनका बेटा घर पर था। रात करीब साढ़े नौ बजे उसका दोस्त शराफत अली किसी जरूरी काम का बहाना बनाकर उसे बाइक से अपने साथ ले गया।

परिजनों के मुताबिक, रात करीब साढ़े बारह बजे विवेक गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान हालत में किसी तरह घर पहुंचा। उसकी हालत देखकर परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सुनसान जगह ले जाकर किया हमला

शिकायत के अनुसार, आरोपी विवेक को मिर्जामुराद क्षेत्र के मेहंदीगंज स्थित रिंग रोड के पास एक सुनसान इलाके में ले गया। वहां मौजूद कुएं के पास उसने पहले विवेक के चेहरे पर मुक्कों से हमला किया। इसके बाद गमछे से उसका गला कसकर बेहोश कर दिया और उसे कुएं में धकेलकर मौके से फरार हो गया।

दो घंटे बाद लौटा, बाहर निकाला और धमकाया

परिजनों के अनुसार, कुछ समय बाद विवेक को होश आया तो उसने कुएं के भीतर से मदद के लिए आवाज लगानी शुरू कर दी। करीब दो घंटे बाद आरोपी फिर मौके पर पहुंचा। आवाज सुनकर उसने विवेक को कुएं से बाहर निकाला।

पीड़ित का आरोप है कि बाहर निकालने के बाद आरोपी ने उसे धमकी दी कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो उसे जान से मार देगा। इतना ही नहीं, इलाज कराने के नाम पर 10 हजार रुपये देने का भी प्रस्ताव रखा ताकि मामला बाहर न आए।

अस्पताल में भर्ती, परिवार ने दर्ज कराया मुकदमा

घटना के बाद घायल विवेक को परिजनों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत को देखते हुए परिवार ने मिर्जामुराद थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे

मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पीड़ित से पूछताछ कर चुकी है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। साथ ही घटना वाले दिन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जुटाई जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके।