वाराणसी में शहीद जवान के घर से लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
वाराणसी के लमही में कारगिल शहीद मनीष कुमार सिंह के घर चोरी हो गई। चोर 20 लाख के आभूषण, नकदी और लैपटॉप लेकर फरार हो गए। CCTV के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
वाराणसी: कारगिल युद्ध में देश के लिए शहीद हुए जवान मनीष कुमार सिंह के घर चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने शहीद की पत्नी के मकान को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और एक लैपटॉप पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना लालपुर थाना क्षेत्र के लमही इलाके की है।
शहीद की पत्नी चंचला सिंह ने बताया कि उनके पति मनीष कुमार सिंह वर्ष 2001 में कारगिल युद्ध में शहीद हो गए थे। वह अपनी बेटी के साथ लमही स्थित मकान में रहती हैं। 22 जनवरी को वह अपने पैतृक गांव मढ़ी, जनपद जौनपुर गई थीं।
शुक्रवार सुबह जब वह गांव से लौटकर घर पहुंचीं, तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और घर का सामान बिखरा हुआ था। यह दृश्य देखकर वह घबरा गईं और तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
दूसरी मंजिल की तिजोरी और अलमारी से जेवर गायब
पीड़िता के अनुसार, चोरों ने पहले फ्लोर से दूसरी मंजिल तक घर को खंगाला। तिजोरी और अलमारी से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए। चोरी हुए जेवरों में सोने का हार, चेन, ब्रेसलेट, झुमके, बालियां, अंगूठियां, लॉकेट, नथिया, चांदी के सिक्के, प्लेट, चम्मच और चांदी की चेन शामिल हैं।
इसके अलावा 21 हजार रुपये नकद और करीब 63 हजार रुपये कीमत का ASUS कंपनी का लैपटॉप भी चोर अपने साथ ले गए।
चोरी के बाद किचन में खाया-पीया, फिर फरार
हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने वारदात को पूरी इत्मीनान से अंजाम दिया। उन्होंने घर के किचन में रखे गुड़, बिस्किट और बादाम की पट्टी खाई, पानी पिया और इसके बाद पूरे घर की तलाशी लेकर फरार हो गए।
CCTV में कैद, दो घंटे तक घर में रहे चोर
शहीद की पत्नी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में सामने आया कि दो अज्ञात चोर रात 12:43 बजे बाउंड्री फांदकर घर में दाखिल हुए और करीब दो घंटे सात मिनट तक घर के अंदर रहे। इसके बाद रात 02:50 बजे चोरी का सामान लेकर फरार हो गए।
पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
इस मामले में लालपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए गए हैं और फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।