{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में चचेरे भाई गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

Varanasi News: वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में एक किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

वाराणसी : मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में मानसिक रुप से कमजोर एक किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।

परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार रात की बताई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों युवक जो कि किशोरी के ही चचेरे भाई लगते हैं, पीड़ित नाबालिग को बहला फुसलाकर भैरोनाथ (राजातालाब) में लगे रथयात्रा मेले में घुमाने के बहानेघर से बाहर ले गए, किशोरी से दुष्कर्म किया। घर लौटने पर किशोरी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पिता की तहरीर पर मिर्जामुराद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

पॉक्सो एक्ट के तहत की गई कार्रवाई

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया। जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।