वाराणसी: बेहोश पत्नी को फांसी पर लटकाने का आरोप, मां ने मांगा इंसाफ
वाराणसी के शिवपुर में दामाद पर बेटी की हत्या के प्रयास का आरोप लगा है। पीड़िता को बेहोश कर पंखे से लटकाने का दावा, समय पर बची जान। मां ने पुलिस आयुक्त से BNS धारा 109 जोड़ने की मांग की है। पुलिस जांच जारी है।
वाराणसी: शिवपुर थाना क्षेत्र में दामाद पर बेटी की हत्या के प्रयास का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़िता की मां ने पुलिस आयुक्त वरुणा जोन से शिकायत कर मामले में धारा 109 जोड़ने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, परमानंदपुर निवासी निशा सिंह ने अपनी बेटी प्रिया सिंह की शादी मंडुआडीह थाना क्षेत्र के नाथुपुर निवासी अमित कुमार वर्मा से की थी। आरोप है कि 7 जुलाई 2025 को घरेलू विवाद के दौरान पति ने प्रिया के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से उसके गले में दुपट्टा बांधकर पंखे से लटका दिया। कुछ देर बाद उसे मृत समझकर नीचे उतार दिया।
मकान मालिक की सतर्कता से बची जान
घटना के दौरान मकान मालिक की नजर पीड़िता पर पड़ी और उन्होंने देखा कि उसकी सांसें चल रही हैं। इसके बाद तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
इस मामले में शिवपुर थाने में मुकदमा किया गया है। पुलिस ने फिलहाल BNS की धारा 85, 115(2), 352, 351(3) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत केस दर्ज किया है। हालांकि, पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद हत्या के प्रयास जैसी धारा नहीं जोड़ी गई है।
पीड़िता की मां निशा सिंह ने पुलिस आयुक्त से अपील की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए BNS की धारा 109 (हत्या का प्रयास) जोड़ी जाए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।