{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी M.Sc छात्रा हत्याकांड: हत्यारोपी का दोस्त पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार

 

वाराणसी। रोहनिया क्षेत्र में एमएससी की छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह राजातालाब पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी पुनीत मिश्रा को पकड़ लिया। पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस पर फायरिंग का आरोप

पुलिस के अनुसार, स्थानीय थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। इसी दौरान बाइक सवार पुनीत मिश्रा ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पुनीत मिश्रा राजातालाब के मऊ इलाके का रहने वाला है और श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में वांछित था। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए जाने का दावा किया गया है। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मुख्य आरोपी विवेक चौबे की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी विवेक चौबे अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। बताया जा रहा है कि पुनीत मिश्रा मुख्य आरोपी का दोस्त है और घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।

20 अगस्त को मिला था छात्रा का शव

मामला 20 अगस्त का है, जब रोहनिया के बच्छाव इलाके में एमएससी की छात्रा श्रेया उपाध्याय का सड़ा-गला शव बरामद हुआ था। शव से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया।

परिजनों का आरोप है कि श्रेया की शादी कहीं और तय हो गई थी, जिससे नाराज होकर विवेक चौबे ने उसे रोहनिया बुलाया और बाथरूम में उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को वहीं छोड़ दिया गया। घटना के बाद से मुख्य आरोपी फरार है।

श्रेया अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। उसकी हत्या के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ मुख्य आरोपी विवेक चौबे और फरार साथी की तलाश में जुटी है।