{"vars":{"id": "130921:5012"}}

रिटायर्ड अधिकारी के मकान में चल रहा था जुए का फड़, छत से कूदकर भागे दो जुआरी घायल

वाराणसी के ओमनगर कॉलोनी में पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 98 हजार रुपये, ताश की तीन गड्डियां और आठ मोबाइल बरामद हुए। पुलिस की घेराबंदी के दौरान भागने की कोशिश में दो आरोपी छत से कूदकर घायल हो गए।

 

वाराणसी: ओमनगर कॉलोनी में वाराणसी पुलिस ने एक मकान में चल रहे जुए के अड्डे का खुलासा किया। एसओजी-2 और लालपुर पांडेयपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के पहुंचते ही वहां भगदड़ मच गई और भागने की कोशिश में दो आरोपी छत से कूदकर घायल हो गए।

रिटायर्ड अधिकारी के मकान में चल रहा था जुआ

एसीपी प्रज्ञा पाठक के मुताबिक, ओमनगर कॉलोनी में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की सूचना पुलिस को लगातार मिल रही थी। सूचना के आधार पर एसओजी-2 और लालपुर पांडेयपुर थाना पुलिस ने शुक्रवार शाम संयुक्त कार्रवाई की।

पुलिस ने जिस मकान में छापेमारी की, वह एक सेवानिवृत्त PCS अधिकारी का बताया गया है। यहां जुए का फड़ चल रहा था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की तो जुआ खेल रहे लोग इधर-उधर भागने लगे।

छत से कूदकर भागने की कोशिश, दो घायल

पुलिस की कार्रवाई के दौरान पहड़िया निवासी राजेश जायसवाल उर्फ राजू खीरी और अकथा निवासी नेत्र मणि तिवारी ने भागने की कोशिश की। दोनों छत से कूद गए और घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को तत्काल दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया। हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

98 हजार रुपये और आठ मोबाइल बरामद

पुलिस ने मौके से 98 हजार रुपये नकद, ताश की तीन गड्डियां और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में राजेश जायसवाल, नेत्र मणि तिवारी और सारनाथ के लेढ़ूपुर निवासी नरेंद्र यादव शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, राजेश जायसवाल के खिलाफ पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि नेत्र मणि तिवारी पर छह मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। नरेंद्र यादव के खिलाफ भी एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों के खिलाफ पहले जुआ अधिनियम के तहत मामले दर्ज हो चुके हैं।

किराए के मकान में चलवाता था जुए का फड़

पुलिस के मुताबिक, राजेश जायसवाल ने ओमनगर कॉलोनी में मकान किराए पर लिया था और वहीं जुए का फड़ संचालित कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस जुए के अड्डे से कितने लोग जुड़े थे और यहां कितने समय से गतिविधियां चल रही थीं।

पुलिस टीम में लालपुर पांडेयपुर इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह, एसएसआई दीपक कुमार, आकांक्षा मिश्रा, हेड कांस्टेबल कमलेश सिंह, कांस्टेबल प्रदीप पासवान, बृजबाला द्विवेदी, अखिलेश प्रताप सिंह और सुनील कुमार शामिल रहे।

एसओजी-2 की टीम में प्रभारी एसआई पंकज सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल बृज बिहारी ओझा तथा कांस्टेबल आशीष सिंह और आशुतोष सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।