{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी:ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर 17.85 लाख की साइबर ठगी, 6 आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल कर 17.85 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बैंक पासबुक, चेकबुक और अन्य दस्तावेज बरामद कर मामले की जांच तेज कर दी है।
 

वाराणसी:ऑनलाइन गेमिंग के जरिए साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच वाराणसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 लाख 85 हजार 289 रुपये की धोखाधड़ी से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। चौबेपुर पुलिस ने म्यूल बैंक खातों (Mule Bank Accounts) का इस्तेमाल कर अवैध लेनदेन करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लालच देकर लोगों के बैंक खाते खुलवाते थे और उन्हीं खातों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम का लेनदेन किया जाता था।

ये छह आरोपी हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिवाकर, कृष्णा पटेल उर्फ गांगुली पटेल, सत्यम विश्वकर्मा, राकेश पटेल, किशन पांडेय और गोपी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दिवाकर, किशन और गोपी पहड़िया नारायणपुर के निवासी हैं, जबकि कृष्णा पटेल, सत्यम विश्वकर्मा और राकेश पटेल उमराहां गांव के रहने वाले हैं।

जांच में खुला म्यूल बैंक खातों का खेल

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहड़िया नारायणपुर स्थित एक संदिग्ध बैंक खाते की पड़ताल की। पूछताछ में आरोपी दिवाकर ने खुलासा किया कि कृष्णा पटेल उर्फ गांगुली पटेल ने उसे और अन्य युवकों को पैसों का लालच देकर बैंक खाते खुलवाए थे। इन खातों का इस्तेमाल कथित तौर पर साइबर ठगी और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े अवैध लेनदेन के लिए किया जा रहा था।

नेट बैंकिंग से लेकर एटीएम तक सब सौंप देते थे आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी केवल बैंक खाते ही नहीं खुलवाते थे, बल्कि संबंधित खातों की नेट बैंकिंग आईडी, पासवर्ड, एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड और आधार कार्ड भी अपने कब्जे में ले लेते थे। इसके बाद इन्हीं खातों का उपयोग ठगी की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करने में किया जाता था।

थाने में पूछताछ के दौरान आपस में भिड़े आरोपी

पुलिस ने सभी संदिग्धों को पूछताछ के लिए चौबेपुर थाने बुलाया। पूछताछ के दौरान आरोपी आपस में ही झगड़ने लगे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पासबुक और चेकबुक समेत कई दस्तावेज बरामद

थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से तीन अलग-अलग बैंकों की पासबुक, चेकबुक और अन्य बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह का संबंध किसी बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क से तो नहीं है और इनके माध्यम से अब तक कितनी रकम का अवैध लेनदेन किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आगे की जांच जारी है।