पिसौर हत्याकांड: घर में मारपीट और छह महीने की साजिश… वाराणसी में बेटे ने दोस्तों संग कराई पिता की हत्या, दो गिरफ्तार
वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के पिसौर में दूध कारोबारी राजेश पटेल की हत्या के मामले में पुलिस ने छोटे बेटे शिवम और उसके साथी रमेश बादशाह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश छह महीने पहले रची गई थी। मोबाइल फोन की जांच से मामले का खुलासा हुआ।
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के पिसौर में दूध और मवेशियों के कारोबारी राजेश पटेल की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने उनके छोटे बेटे शिवम और उसके एक साथी रमेश बादशाह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में एक अन्य दोस्त भी शामिल था, जिसकी तलाश की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल असलहा भी अभी बरामद नहीं हुआ है। जांच के दौरान छोटे बेटे के मोबाइल फोन से पुलिस को अहम सुराग मिला, जिसके बाद पूछताछ में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।
इलाज के दौरान हुई थी कारोबारी की मौत
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात 45 वर्षीय राजेश पटेल पिसौर स्थित अपने घर में कमरे के बाहर रखी चौकी पर सो रहे थे। इसी दौरान वह गंभीर रूप से घायल मिले। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां सिर का सीटी स्कैन कराया गया। हालांकि, शुरुआत में चोट की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। उपचार के दौरान 24 अक्टूबर की दोपहर उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम में पता चला कि राजेश पटेल के सिर में गोली लगी थी। इसके बाद हत्या का मामला सामने आया। मृतक के छोटे भाई सुरेंद्र कुमार ने मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर शनिवार रात परिजनों ने पिसौर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया था। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया।
बड़े बेटे के प्रेम विवाह और घर में विवाद से नाराज था शिवम
पुलिस की जांच में छोटे बेटे शिवम की भूमिका संदिग्ध मिली। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो हत्या की साजिश से जुड़ी जानकारी सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, राजेश पटेल ने बड़े बेटे शुभम को प्रेम विवाह करने के बाद घर से निकाल दिया था। वहीं, वह आए दिन अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ मारपीट भी करता था। इन बातों से नाराज होकर शिवम करीब छह महीने से अपने दोस्त रमेश बादशाह से पिता की हत्या करने के लिए कह रहा था।
शुरुआत में रमेश इस बात को टालता रहा। पुलिस के अनुसार, शिवम के लगातार दबाव बनाने के बाद रमेश ने अपने एक अन्य दोस्त के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि राजेश पटेल को गोली रमेश बादशाह ने ही मारी थी।
छोटे बेटे के मोबाइल से खुला हत्या का राज
हत्या के बाद मृतक की पत्नी ने पुलिस और अपने देवर सुरेंद्र से घटना की सच्चाई छिपाई थी। उसने बताया था कि वह अपने बेटे के साथ दूसरे कमरे में सो रही थी।
जांच के दौरान पुलिस ने शिवम का मोबाइल फोन देखा। पुलिस के मुताबिक, फोन की जांच में सामने आया कि वह घटना वाली पूरी रात किसी लड़की से बात कर रहा था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने शिवम से पूछताछ की, जिसके बाद मामले की परतें खुलती चली गईं।
दो गिरफ्तार, तीसरे आरोपित और असलहे की तलाश
एसीपी कैंट प्रज्ञा पाठक ने बताया कि राजेश पटेल की हत्या के मामले में उनके छोटे बेटे शिवम और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में शामिल तीसरे आरोपित की तलाश की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल असलहा भी अभी पुलिस के हाथ नहीं लगा है।