{"vars":{"id": "130921:5012"}}

दिवाली से पहले वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई : चौक इलाके से 170 किलो अवैध पटाखे जब्त, एक गिरफ्तार

 

वाराणसी: दीपावली से पहले वाराणसी पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार रात तक आठ थानों में अभियान चलाया गया, जिसमें कई जगहों पर छापेमारी की गई। पुलिस कमिश्नर ने अब एसओजी टीम को भी अगले पांच दिनों तक अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण की जांच में लगाया है।

मंगलवार रात एसीपी दशाश्वमेध और इंस्पेक्टर चौक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राजादरवाजा इलाके में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को एक गोदाम से करीब 170 किलो अवैध विस्फोटक सामग्री (पटाखे) बरामद हुई। मौके से गोदाम मालिक फुरकान फारुक खान को गिरफ्तार किया गया।

चौक पुलिस के अनुसार, जब टीम ने दुकानों और गोदामों की तलाशी ली तो वहां सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी पाई गई। गोदाम में तय क्षमता से कई गुना ज्यादा पटाखे भरे हुए थे। पुलिस ने चौक चौराहे और आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी है ताकि किसी भी तरह के अवैध भंडारण या बिक्री को रोका जा सके।

फिलहाल पुलिस ने बरामद पटाखों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।