{"vars":{"id": "130921:5012"}}

टेलीग्राम से चल रहा था लूडो सट्टे का खेल, 9 राज्यों में साइबर ठगी की 19 शिकायतें, 8 करोड़ का ट्रांजेक्शन

वाराणसी के सारनाथ में पुलिस ने ऑनलाइन लूडो सट्टेबाजी गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। टेलीग्राम पर न्यू लूडो परिवार ग्रुप के जरिए जुआ खिलाया जा रहा था। सात बैंक खातों की जांच में नौ राज्यों से जुड़ी 19 साइबर ठगी की शिकायतें और 8.14 करोड़ रुपये के लेनदेन सामने आए।

 

वाराणसी। सारनाथ के अकथा स्थित शिव विहार कॉलोनी में एक कमरे से ऑनलाइन लूडो सट्टेबाजी का खेल संचालित किया जा रहा था। गुरुवार रात साइबर क्राइम सेल की प्रतिबिंब टीम और सारनाथ पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच में इनके सात बैंक खातों से नौ राज्यों में साइबर ठगी से जुड़ी 19 शिकायतें सामने आई हैं। इन खातों में कुल 8 करोड़ 14 लाख 63 हजार 918 रुपये के लेनदेन का पता चला है।

टेलीग्राम पर 'न्यू लूडो परिवार' नाम से बनाया था ग्रुप

एसीपी अपूर्व पांडेय के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अकथा स्थित शिव विहार कॉलोनी निवासी सागर सेठ (27), मंगल कुमार (34) और सुदीप कश्यप (28) के रूप में हुई है। तीनों टेलीग्राम पर 'न्यू लूडो परिवार' नाम से ग्रुप बनाकर लोगों को प्रतिबंधित ऑनलाइन जुआ खेलने के लिए जोड़ते थे।

आरोपित कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर लोगों को ऑनलाइन गेम में शामिल करते थे। गेम खेलने वाले लोग यूपीआई के माध्यम से उनके बैंक खातों में पैसे भेजते थे। इसके बाद आरोपित हर बाजी पर पांच प्रतिशत कमीशन काटकर बाकी रकम जीतने वाले खिलाड़ी को वापस कर देते थे।

सात बैंक खातों में 8.14 करोड़ रुपये का लेनदेन

पुलिस की जांच में आरोपितों के सात बैंक खाते सामने आए हैं। इनमें यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के खाते शामिल हैं। इन खातों में अक्टूबर और नवंबर के दौरान लेनदेन किया गया था।

एनसीआरपी पोर्टल पर खातों की जांच के दौरान नौ राज्यों से साइबर ठगी से जुड़ी 19 शिकायतें मिलीं। इनमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, बिहार, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, राजस्थान और गुजरात शामिल हैं। इन शिकायतों में कुल 8,14,63,918 रुपये के लेनदेन का उल्लेख है।

बैंक खातों में मिले 1.46 लाख रुपये होल्ड

पुलिस के अनुसार, आरोपितों के बैंक खातों में मौजूद 1,46,929 रुपये होल्ड कराए गए हैं। मामले में बरामद चार मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है। पुलिस अब बैंक खातों और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

अपने ही मकान में किराये पर कमरा देकर चलाते थे जुआ

एसीपी अपूर्व पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सागर सेठ अपने मकान के प्रथम तल पर बने एक कमरे में ऑनलाइन जुआ खिलाता था। खास बात यह है कि वह इस कमरे का किराया अपने ही दूसरे साझेदारों से वसूलता था। पुलिस ने इसी कमरे में छापेमारी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।

कार्रवाई करने वाली टीम में साइबर क्राइम सेल के इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र यादव, दारोगा श्रीकृष्ण जायसवाल, आलोक यादव, दिव्या भदौरिया और आरक्षी अंकित गुप्ता शामिल रहे। वहीं, सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी, दारोगा राहुल यादव और दीक्षा पांडेय समेत अन्य पुलिसकर्मी भी कार्रवाई में शामिल थे।