जमीनी विवाद में भाई को कनपटी पर गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने 4 आरोपी को किया गिरफ्तार, मेन शूटर अब भी फरार
वाराणसी: सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझवां गांव में जमीनी विवाद के दौरान हुई सौरभ सिंह की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कमिश्नरेट पुलिस ने हत्या के मुकदमे में नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी बबलू सिंह और हरिओम सिंह अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
जमीन विवाद ने लिया खूनी मोड़, कनपटी पर मारी गई थी गोली
पुलिस के अनुसार 2 जुलाई 2026 को मझवां गांव में सौरभ सिंह और उनके पट्टीदारों के बीच लंबे समय से चले आ रहे जमीन और आपसी रंजिश के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। आरोप है कि विवाद के दौरान दूसरे पक्ष ने सौरभ सिंह पर गोली चला दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल सौरभ सिंह को पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता की तहरीर पर छह नामजद के खिलाफ मुकदमा
घटना के बाद मृतक के पिता की तहरीर पर सिंधोरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। एफआईआर में बबलू सिंह, रिशु सिंह, देवी सिंह, राजेश सिंह, गोलू सिंह और हरिओम सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन और सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस की विशेष टीमों ने लगातार छापेमारी शुरू कर दी।
चार आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
पुलिस की कार्रवाई के दौरान शुक्रवार 3 जुलाई को चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रिशु सिंह, देवी सिंह, राजेश सिंह और गोलू सिंह शामिल हैं। सभी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी बबलू सिंह, जिस पर गोली चलाने का आरोप है, और हरिओम सिंह अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस बोली- जल्द होगी शेष आरोपियों की गिरफ्तारी
सिंधोरा पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश युद्धस्तर पर जारी है। पुलिस की कई टीमें संभावित स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।