वाराणसी: सिंधौरा में जमीन विवाद में चचेरे भाई ने युवक के सिर पर सटाकर मारी गोली, मौके पर मौत
वाराणसी: सिंधौरा थाना क्षेत्र के मझवां गांव में जमीन और मकान के पुराने विवाद ने गुरुवार रात खूनी रूप ले लिया। चचेरे भाइयों के बीच हुए विवाद में एक युवक ने कथित तौर पर अपने ही चचेरे भाई की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपने भाई के साथ बाइक से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मझवां गांव निवासी सौरभ सिंह उर्फ बंटी (20) पुत्र लालू सिंह का अपने चचेरे भाई बबलू सिंह से जमीन और मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी और मारपीट हो चुकी थी।
गुरुवार रात करीब नौ बजे दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि विवाद के दौरान बबलू सिंह पिस्टल लेकर पहुंचा और बीच-बचाव के बावजूद उसने सौरभ की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही सौरभ लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण गंभीर रूप से घायल सौरभ को पहले स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में उसे दीनदयाल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
वारदात के बाद आरोपी बबलू सिंह अपने भाई के साथ बाइक से फूलपुर की ओर फरार हो गया। ग्रामीणों ने उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए।
सूचना मिलते ही सिंधौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार, एसीपी पिंडरा, एसओजी टीम समेत कई थानों की पुलिस भी गांव पहुंची। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।