वाराणसी: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के मठ में चोरी का खुलासा, चोर समेत चोरी का सामान खरीदने वाले 2 दुकानदार गिरफ्तार
वाराणसी के शंकराचार्य घाट स्थित श्रीविद्या मठ हनुमान मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मुख्य आरोपी समेत चोरी का सामान खरीदने वाले दो दुकानदार गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने मंदिर से चोरी हुए आभूषण और अन्य सामान भी बरामद किए हैं।
वाराणसी: भेलूपुर थाना क्षेत्र के शंकराचार्य घाट स्थित स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के श्रीविद्या मठ के हनुमान मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मंदिर से आभूषण और पूजा सामग्री चुराने वाले आरोपी के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले दो दुकानदारों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक मंदिर से भगवान के गले का चांदी का हार, पीतल का लोटा और अन्य पूजा सामग्री चोरी हुई थी। इस मामले में भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी राजू खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर चोरी का सामान खरीदने वाले ध्रुव कुमार वर्मा और संतोष वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से मंदिर से चोरी हुआ सामान बरामद किया है। बरामदगी में पीली धातु का लोटा, सफेद धातु के मुकुट, चेन, गदा का हिस्सा और 1500 रुपये नकद शामिल हैं।
पहले भी चोरी के मामलों में जा चुका है जेल
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी राजू खान पहले भी चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वाराणसी के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
ऐसे हुआ खुलासा
मंदिर में चोरी की घटना के बाद भेलूपुर पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुराग खंगाल रही थी। इसी दौरान पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। पूछताछ के बाद चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अगर किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।