वाराणसी: तम्बाकू फैक्ट्री से लाखों की चोरी का खुलासा, 20 बोरी जर्दा बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी: चोलापुर थाना क्षेत्र के असेटुआ गांव स्थित एक तम्बाकू पैकेजिंग फैक्ट्री से लाखों रुपये मूल्य की तम्बाकू चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई 20 बोरी सादी सुर्ती (जर्दा तम्बाकू) बरामद की है।
मामला तब सामने आया जब फैक्ट्री संचालक रवि कुमार यादव ने कर्मचारियों और एक स्थानीय व्यक्ति पर मिलीभगत कर गोदाम से तम्बाकू चोरी करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया। स्टॉक मिलान के दौरान फैक्ट्री से 20 बोरी तम्बाकू गायब मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान चोलापुर पुलिस टीम ने अटेसुआ गांव के पास से सुरेन्द्र पटेल निवासी अईली (चौबेपुर), रणधीर निवासी परचट, रसूलपुर (हरदोई) तथा लवकुश राजभर निवासी सलारपुर (सारनाथ) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चोरी की गई 20 बोरी सादी सुर्ती (जर्दा तम्बाकू) बरामद की, जिसका कुल वजन करीब 482.994 किलोग्राम बताया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी फैक्ट्री से तम्बाकू निकालकर उसे बेचने की फिराक में थे।
प्रभारी निरीक्षक सधुबन राम गौतम ने बताया कि मामले का सफल अनावरण कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बरामदगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।