Trading Scam: पहले 750 रुपये निवेश कराया, फिर 5.10 लाख की ठगी, लिंक भेजकर युवक को जाल में फंसाया
वाराणसी: इंटरनेट मीडिया पर ट्रेडिंग कंपनी के नाम से लिंक भेजकर निवेश में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने शिवपुर निवासी एक युवक से करीब 5.10 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपितों ने शुरुआत में महज 750 रुपये निवेश कराकर भरोसा जीता और इसके बाद अलग-अलग भुगतान व निवेश के नाम पर कई बार रकम ट्रांसफर कराई। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। मामले में साइबर थाने में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर भेजा लिंक
शिवपुर निवासी आशीष पाल के अनुसार, आठ अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे उन्हें इंटरनेट मीडिया के जरिए एक लिंक मिला। लिंक भेजने वाले लोगों ने खुद को एक ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताया। आरोपितों ने निवेश करने पर अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया।
आशीष के मुताबिक, बातचीत के दौरान पहले उनसे 750 रुपये निवेश कराए गए। इसके बाद ठगों ने अलग-अलग भुगतान और निवेश से जुड़ी प्रक्रियाओं का हवाला देकर उनसे लगातार रकम जमा करानी शुरू कर दी।
आठ से 12 अगस्त के बीच भेजे 5.10 लाख रुपये
पीड़ित ने बताया कि आरोपितों के झांसे में आकर उसने आठ से 12 अगस्त के बीच कई बार रकम ट्रांसफर की। इसके लिए Google Pay, PhonePe और BharatPe समेत डिजिटल भुगतान माध्यमों का इस्तेमाल किया गया।
लगातार रकम जमा करने के बाद भी जब मुनाफे के नाम पर कोई वास्तविक भुगतान नहीं मिला और आरोपितों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं तो आशीष को साइबर ठगी का एहसास हुआ। तब तक वह कुल 5.10 लाख रुपये गंवा चुके थे।
तीन शिकायतों में 73,475 रुपये होल्ड
ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही साइबर सेल में प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन शिकायतों के माध्यम से 73,475 रुपये होल्ड कराए हैं। पुलिस अब लेनदेन से जुड़े खातों और आरोपितों की पहचान की जांच कर रही है।