{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी : लोहता में महिला की सिर कूचकर हत्या, खेत में मिला शव

 
वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में लगभग 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिला। हमलावरों ने महिला की सिर कूचकर हत्या की और शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक, पहचान मिटाने के लिए महिला के सिर और चेहरे पर पत्थर से कई वार किए गए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

खेत पर पहुंचे ग्रामीणों ने देखा शव

मंगलवार सुबह हरपालपुर गांव के ग्रामीण जब खेतों की ओर गए तो उन्होंने महिला का शव पड़ा देखा। शव की हालत देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत गांव के लोगों और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही लोहता पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

शव के पास मिला आधार कार्ड

प्रारंभिक जांच में महिला के पास से एक आधार कार्ड मिला है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी हुई है। जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी और अपहरण के मामलों को भी खंगाला जा रहा है।

फोरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है। टीम वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने में लगी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।